प्रतापगढ़ में नाली के पानी ने ले ली बुजुर्ग की जान, खूनी संघर्ष में 4 लोग गंभीर

नाली के पानी की निकासी को लेकर सालों से चल रही तनातनी ने गुरुवार सुबह ऐसा खूनी मोड़ लिया कि गांव में चीख-पुकार मच गई। प्रतापगढ़ में मामूली दिखने वाला विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 15 October 2026, 11:29 PM IST
google-preferred

Pratapgarh: आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के बभनपुर रेडी गारापुर गांव में नाली के पानी के निकास को लेकर दो पक्षों के बीच सालों से सुलग रहा विवाद गुरुवार सुबह खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि महिलाओं समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जिला अस्पताल में भर्ती घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद से गांव में भारी तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

हफ्तेभर पहले भी हुआ था विवाद

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में नाली के गंदे पानी की निकासी को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से रंजिश चल रही थी। करीब एक सप्ताह पहले भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी।

उस वक्त सूचना पर पहुंची डायल-112 और स्थानीय पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत तो करा दिया था, लेकिन विवाद की जड़ को खत्म करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। पुलिस की इसी शिथिलता का नतीजा गुरुवार को एक बेकसूर की जान देकर भुगतना पड़ा।

मामले की जांच करती पुलिस

सुबह 7 बजे घेराबंदी कर बोला हमला

गुरुवार सुबह करीब सात बजे एक बार फिर नाली के पानी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से लैस होकर दूसरे पक्ष के दयाशंकर वर्मा (60) को घेर लिया और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

दयाशंकर की चीख-पुकार सुनकर जब उनके परिवार के लोग बीच-बचाव करने दौड़े, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। हमलावरों ने बीच-बचाव करने पहुंची रीता देवी, धर्मराज वर्मा, उनकी पत्नी रीता और राकेश वर्मा को भी बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया।

अंकिता भंडारी केस में राहुल गांधी ने राष्ट्रपति मुर्मू को लिखी चिट्ठी, दुष्यंत गौतम की राज्यपाल नियुक्ति पर उठाए सवाल

परिजनों में कोहराम

चीख-पुकार और खूनी खेल देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आसपुर देवसरा थाने की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने आनन-फानन में सभी पांचों घायलों को खून से लथपथ हालत में पट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी की हालत अत्यंत चिंताजनक देखते हुए उन्हें प्रतापगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में करीब छह घंटे तक चले जिंदगी और मौत के संघर्ष के बाद शाम करीब 5:30 बजे दयाशंकर वर्मा ने दम तोड़ दिया। जैसे ही मौत की खबर उनके घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। चीख-पुकार से पूरा अस्पताल परिसर दहल उठा। वहीं बाकी चार घायलों का इलाज डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है।

पति की हत्या और अवैध संबंधों का काला सच! प्रतापगढ़ में बर्तन व्यापारी की हत्या, पत्नी हिरासत में

पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद गांव में पसरे सन्नाटे और तनाव को देखते हुए पुलिस मुस्तैद है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा, मारपीट और हत्या (धारा 103 BNS) समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Location :  Pratapgarh

Published :  15 October 2026, 11:25 PM IST

Related News

Advertisement