बलिया में बारात से लौट रही महिला के साथ मारपीट और लूट का आरोप, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज; पुलिस जांच में जुटी

बलिया में शादी की बारात से घर लौट रही महिला के साथ मारपीट और लूट का आरोप लगा है। पीड़िता के मुताबिक, रास्ते में उसे घेरकर सोने की चेन और 1200 रुपये छीन लिए गए। मामले में अदालत के आदेश पर मनियर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 28 October 2026, 7:56 PM IST
google-preferred

Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में शादी समारोह से घर लौट रही एक महिला के साथ मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर अदालत के आदेश के बाद मनियर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। महिला ने कुछ लोगों पर रास्ते में घेरकर मारपीट करने, सोने की चेन और नकदी छीनने के साथ जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

बारात से लौटते समय रास्ते में घेरने का आरोप

पीड़िता इंदु देवी, निवासी बड़ागांव खुंटहा, थाना मनियर, के अनुसार घटना 7 फरवरी 2025 की रात की है। गांव में श्रीभगवान यादव की बेटी की शादी के दौरान बारात आई थी। रात करीब नौ बजे इंदु देवी अन्य महिलाओं के साथ द्वारपूजा देखकर घर लौट रही थीं।

ये भी पढ़ें- डिजिटल हेल्थ सेवाओं में बेहतर काम करने वालों का सम्मान, सीतापुर में आयोजित हुई कार्यशाला

आरोप है कि इसी दौरान तीन-चार लोगों ने उनका पीछा किया और रास्ते में घेर लिया। महिला ने शिकायत में मारपीट करने और कपड़े फाड़ने का आरोप भी लगाया है।

सोने की चेन और पर्स छीनने की शिकायत

पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उनके गले से सोने की चेन और पर्स छीन लिया, जिसमें 1200 रुपये रखे थे। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है। इस मामले में मुकेश पासवान, प्रमोद कुमार यादव और हरेंद्र यादव को आरोपी बनाया गया है। 

ये भी पढ़ें- हाथरस पुलिस की बड़ी उपलब्धि, CEIR पोर्टल से खोए मोबाइल बरामदगी में प्रदेश के टॉप-5 में शामिल

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

थाना प्रभारी मनियर अजय कुमार त्रिपाठी के अनुसार, दूसरे पक्ष की ओर से पहले एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद अदालत के आदेश पर महिला की शिकायत के संबंध में भी मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पीड़िता का बयान लिया गया है। जांच के बाद ही घटना से जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Ballia

Published :  28 October 2026, 7:56 PM IST

Advertisement