हिंदी
CJI सूर्यकांत के दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था सख्त (IMG: Dynamite News)
Deoghar: देवघर में देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत के आगमन को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर है। सोमवार, 2 नवंबर को उनके दौरे से पहले तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा, उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने व्यवहार न्यायालय परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बलों की तैनाती, कार्यक्रम स्थल की तैयारियों और शहर के यातायात प्रबंधन का जायजा लिया गया। मुख्य न्यायाधीश के दौरे को देखते हुए प्रशासन किसी भी तरह की चूक नहीं चाहता। खासतौर पर उनके काफिले की आवाजाही के लिए विशेष रूट चार्ट तैयार किया गया है। अधिकारियों ने सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि कार्यक्रम स्थल और उससे जुड़े संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के लिए किस तरह की व्यवस्था की जा रही है। मुख्य न्यायाधीश के आगमन और कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान पुलिस बलों की तैनाती को लेकर भी चर्चा की गई।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने व्यवहार न्यायालय परिसर में चल रहे तैयारियों के अंतिम चरण का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध व्यवस्थाओं और बाकी बचे कार्यों की समीक्षा की। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी जरूरी तैयारियां निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली जाएं। डीसी ने आयोजन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए विभागों के बीच बेहतर तालमेल रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।
CJI सूर्यकांत के दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था सख्त (IMG: Dynamite News)
मुख्य न्यायाधीश के देवघर दौरे को लेकर प्रशासन पहले से ही तैयारियों में जुटा हुआ है। इससे पहले 28 अक्टूबर को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा की अध्यक्षता में व्यवहार न्यायालय परिसर में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई थी।इस बैठक में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर समेत संबंधित अधिकारियों ने हिस्सा लिया था। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, यातायात रूट चार्ट और पुलिस बलों की तैनाती को लेकर विस्तार से चर्चा हुई थी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, देश के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत 2 नवंबर को देवघर पहुंचेंगे। देवघर आगमन के बाद उनके बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम को न्यायिक व्यवस्था और आम लोगों के बीच कानूनी जागरूकता बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शिविर के माध्यम से पात्र और जरूरतमंद लोगों तक कानूनी सहायता पहुंचाने के साथ उन्हें उनके अधिकारों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा।
राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर का मुख्य उद्देश्य उन लोगों तक कानूनी सुविधाएं पहुंचाना है, जो आर्थिक या सामाजिक कारणों से न्यायिक सहायता प्राप्त करने में कठिनाई महसूस करते हैं। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की व्यवस्था के तहत पात्र लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
Location : Deoghar
Published : 1 November 2026, 2:52 PM IST
Topics : Baba Baidyanath Temple CJI Deoghar Visit 2026 CJI Surya Kant Deoghar Visit Deoghar Court Deoghar News