हिंदी
छह भारतीय पर्यटक लापता (Source: Pinterest)
New Delhi: नेपाल के पहाड़ी इलाके में ट्रेकिंग के लिए निकले छह भारतीय नागरिकों के लापता होने का मामला सामने आया है। सभी पर्यटक शे-फोक्सुंडो झील की ओर जा रहे थे, तभी खराब मौसम और भारी बर्फबारी ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं। लापता लोगों में दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। उनकी खोज के लिए स्थानीय प्रशासन और नेपाली सेना ने अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, छहों भारतीय पर्यटक नेपाल के डोल्पा जिले में स्थित शे-फोक्सुंडो झील की यात्रा पर थे। वे डोल्पो बुद्ध ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 और 8 के रास्ते झील की ओर बढ़ रहे थे। उन्हें आखिरी बार शे-फोक्सुंडो ग्रामीण नगरपालिका के इन इलाकों के बीच पड़ने वाले नुमला पास और बागला पास के आसपास देखा गया था अधिकारियों के मुताबिक, पर्यटकों के रास्ते में फंसने की आशंका है। हालांकि, अभी तक उनकी सही लोकेशन का पता नहीं चल सका है और न ही उनसे संपर्क हो पाया है।
ये भी पढ़े: नेपाल की जेल से सुरंग खोदकर 6 कैदी फरार, भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, सोनौली बॉर्डर पर बढ़ाई गई चौकसी
स्थानीय गाइडों को आशंका है कि क्षेत्र में हुई भारी बर्फबारी के कारण पर्यटक पहाड़ों में फंस गए। बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें मौसम बिगड़ने और पहाड़ी दर्रों में खतरा बढ़ने को लेकर सतर्क किया था। इसके बावजूद उन्होंने आगे बढ़ना जारी रखा। डोल्पा की मुख्य जिला अधिकारी जुनू हमाल के अनुसार, पर्यटक शे-फोक्सुंडो झील की ओर से वापस लौटते समय रास्ते में फंस गए। खराब मौसम के चलते ऊंचाई वाले इलाकों में आवाजाही जोखिम भरी हो गई है।
नेपाल की पहाड़ियों में ट्रेकिंग (Source: Pinterest)
लापता पर्यटकों की तलाश में संचार व्यवस्था की कमी भी परेशानी पैदा कर रही है। शे-फोक्सुंडो ग्रामीण नगरपालिका के अध्यक्ष धावा समदुक गुरंग ने बताया कि वार्ड नंबर 4 और 8 के बीच मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है। इस वजह से पर्यटकों से संपर्क स्थापित करना मुश्किल हो रहा है।
बचाव दलों के लिए यह पता लगाना भी चुनौती बना हुआ है कि छहों पर्यटक किस जगह पर हैं और उनकी स्थिति कैसी है। बर्फ से ढके रास्ते और प्रतिकूल मौसम तलाशी अभियान को और कठिन बना रहे हैं।
ये भी पढ़े: महराजगंज: आठ महीने से फरार चल रहा नेपाली युवक गिरफ्तार
लापता भारतीय पर्यटकों को खोजने के लिए स्थानीय प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। नेपाली सेना की एक टीम भी अभियान में जुटी है। डोल्पा के पुलिस उपाधीक्षक अनिल राज गिरि ने बताया कि पर्यटकों से संपर्क नहीं हो सका है। प्रशासन ने बचाव कार्य में सहायता के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है। हालांकि, खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के कारण राहत एवं बचाव कार्य में चुनौतियां सामने आ रही हैं। फिलहाल पर्यटकों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश जारी है।
जिला प्रशासन कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, अपर डोल्पा क्षेत्र में कुल 244 पर्यटक मौजूद हैं। इनमें 149 नेपाली नागरिक, सार्क देशों के 44 पर्यटक और अन्य देशों के 51 पर्यटक शामिल हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों को खतरनाक रास्तों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर ठहरने की सलाह दी है। फिलहाल लापता छह भारतीय पर्यटकों को सुरक्षित तलाशना बचाव दलों की प्राथमिकता है।
Location : Nepal
Published : 1 November 2026, 12:57 PM IST
Topics : Indian Tourists Missing Missing Indian Tourists Nepal Army Rescue nepal news Shey Phoksundo Lake