दिल्ली में रैली के दौरान ट्रैफिक पर भी रहेगी नजर, प्रमुख चौराहों पर तैनात होंगे अतिरिक्त जवान!

दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की प्रस्तावित महारैली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मैदान को 14 जोन में बांटा गया है। करीब 4 हजार पुलिसकर्मी, 200 से अधिक CCTV कैमरे और CAPF की 270 कंपनियां सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 1 November 2026, 9:04 AM IST
google-preferred

New Delhi: रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए मैदान को 14 जोन में बांटा गया है। यहां करीब चार हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की योजना बनाई गई है।

मैदान में प्रवेश के लिए मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। जांच के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए प्रमुख चौराहों पर 150 अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रविवार सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक प्रस्तावित रैली के दौरान वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी एसीपी रैंक के अधिकारी को सौंपी जाएगी, जबकि दो जोन की निगरानी एडिशनल डीसीपी रैंक के अधिकारी करेंगे।

200 से अधिक CCTV कैमरों से होगी निगरानी

रैली के दौरान रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों पर नजर रखने के लिए 200 से अधिक CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा पुलिसकर्मी बॉडी-वॉर्न कैमरों का भी इस्तेमाल करेंगे।

किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दंगा नियंत्रण वाहन और आधुनिक निगरानी उपकरणों से लैस गाड़ियां भी तैनात रहेंगी। पुलिस का जोर भीड़ पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने पर रहेगा।

आयोजकों को भी दिए गए सुरक्षा संबंधी निर्देश

दिल्ली पुलिस ने रैली के आयोजकों को भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं। रणनीतिक स्थानों पर हाई-डेफिनिशन CCTV कैमरे लगाने और उनकी निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाने को कहा गया है।

इसके अलावा रैली में शामिल होने वाले आमंत्रित लोगों, स्वयंसेवकों और उन्हें लाने वाली बसों का विवरण भी मांगा गया है। पार्किंग व्यवस्था तय करने के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मैदान में रात में रुकने की अनुमति नहीं होगी। आयोजकों को अनुशासन बनाए रखने और ऐसे भाषणों से बचने की हिदायत दी गई है, जिनसे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका हो।

16 नवंबर तक दिल्ली में रहेंगी CAPF की 270 कंपनियां

रैली और विभिन्न संगठनों की ओर से अचानक प्रदर्शन किए जाने की आशंका को देखते हुए केंद्र सरकार ने दिल्ली में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 270 कंपनियों की तैनाती तीसरी बार बढ़ाकर 16 नवंबर तक कर दी है।

बताया गया है कि महीने की शुरुआत में सीजेपी के प्रदर्शनों के मद्देनजर इन बलों को दिल्ली बुलाया गया था। इनकी तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था के समन्वय की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस को सौंपी गई है।

Location :  New Delhi

Published :  1 November 2026, 8:56 AM IST

Related News

Advertisement