हिंदी
यूपी में चक्रवाती तूफान का असर (सोर्स-Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का प्रभाव अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी था, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार अब बारिश का यह सिलसिला अधिकांश क्षेत्रों से थमने की राह पर है। हालांकि, आज और कल (रविवार और सोमवार) पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ चुनिंदा इलाकों में छिटपुट बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है।
चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के असर के चलते बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तमाम जिलों में झमाझम पानी बरसा, जहाँ कई जगहों पर 60 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई।
UP Weather Today: यूपी में सुबह-शाम ठंडक, दिन में तेज धूप, जानें लखनऊ से नोएडा तक आज कैसा रहेगा मौसम
प्रमुख आंकड़े: अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के अनुसार, शनिवार सुबह तक गोरखपुर के बर्डघाट में सर्वाधिक 63.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
अन्य जिले: इसके अलावा सिद्धार्थनगर की बांसी तहसील में 62.2 मिमी, बस्ती में 57.2 मिमी, महराजगंज के त्रिमोहिनी घाट पर 56.6 मिमी, बलिया में 45.2 मिमी, संतकबीरनगर के धनघटा में 45.0 मिमी, बहराइच में 43.0 मिमी, लखीमपुर खीरी के पलियाकला में 40.2 मिमी और बाराबंकी की फतेहपुर तहसील में 40.0 मिमी बारिश दर्ज की गई।
राजधानी लखनऊ में आज आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। यहाँ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है, जबकि शाम और रात के वक्त भी बादल छाए रह सकते हैं। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बदला मौसम का मिजाज (सोर्स-Pinterest)
उधर, प्रयागराज में भी 'अर्नब' का असर शनिवार को तीसरे दिन तक बना रहा। सुबह के वक्त हल्की धूप के साथ बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही और शाम होते-होते शहर व ग्रामीण इलाकों में रिमझिम फुहारें पड़ीं। पिछले 24 घंटों में यहाँ 4.6 एमएम बारिश दर्ज की गई, जिससे अक्टूबर माह की कुल बारिश का आंकड़ा 35 एमएम तक पहुँच गया। मौसम के इस बदले हुए मिजाज से दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि पछुआ हवाओं के प्रभाव के कारण तूफान 'अर्नब' के अवशेष अब तेजी से कमजोर पड़ रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अब मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने के आसार हैं और सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है, जो दिन चढ़ने के साथ ही साफ हो जाएगा।
पूर्वांचल में अगले दो दिनों (आज और कल) तक छिटपुट बारिश का दौर जारी रह सकता है, लेकिन 3 नवंबर के बाद यहाँ भी मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा। आगामी तीन से चार दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इसके साथ ही, आने वाले सप्ताह में सुबह के वक्त कोहरे का असर भी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
Location : Lucknow
Published : 1 November 2026, 8:02 AM IST