हिंदी
दिवाली से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन
Maharajganj: दीपावली के त्योहार पर पटाखों की बिक्री में मनमानी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी अब दुकानदारों को भारी पड़ सकती है। त्योहार से पहले प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अड्डा बाजार में लाइसेंसी पटाखा दुकानों पर औचक निरीक्षण किया।
नौतनवा के एसडीएम और क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने दुकानों पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों से लेकर पटाखों की गुणवत्ता तक की जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उमेश की लाइसेंसी पटाखा दुकान का स्टॉक चेक किया। पटाखों के रखरखाव और भंडारण की स्थिति का जायजा लिया। इतना ही नहीं, दुकान में रखे अग्निशमन यंत्र को खुलवाकर उसकी कार्यशीलता भी परखी, ताकि किसी आपात स्थिति में आग लगने पर तत्काल बचाव किया जा सके।
चेकिंग के दौरान पटाखों की गुणवत्ता की भी जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित मानकों के विपरीत और अत्यधिक तेज आवाज वाले पटाखों की बिक्री न की जाए। सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करें और अग्निशमन उपकरणों को हमेशा दुरुस्त रखें।
प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि दीपावली के नाम पर नियमों से खिलवाड़ और लोगों की जान को जोखिम में डालने की छूट किसी को नहीं मिलेगी। निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
अब सवाल यह है कि क्या पटाखा दुकानदार प्रशासन के इन सख्त निर्देशों का पालन करेंगे या दीपावली की भीड़ में सुरक्षा मानक महज कागजों तक सिमटकर रह जाएंगे?
Location : Maharajganj
Published : 31 October 2026, 10:57 PM IST