Sultanpur News: GD Goenka School में लिफ्ट हादसा, 19 प्रशिक्षकों के सवार होने से टूटी लिफ्ट; छह को फ्रैक्चर

सुलतानपुर के जीडी गोयनका स्कूल में 11 लोगों की क्षमता वाली लिफ्ट में 19 प्रशिक्षक सवार हो गए। तीसरी मंजिल से उतरते समय लिफ्ट टूटकर नीचे आ गई। आखिर हादसे के पीछे क्या वजह रही और स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई?

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 31 October 2026, 8:29 PM IST
google-preferred

Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में शनिवार को एक निजी स्कूल में बड़ा हादसा हो गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के चुनहा स्थित जीडी गोयनका विद्यालय में जनगणना प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद तीसरी मंजिल से नीचे उतर रहे शिक्षकों और प्रशिक्षकों से भरी लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे आ गई। हादसे में करीब दर्जनभर लोग घायल हो गए, जबकि छह शिक्षकों को फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है।

घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ लोगों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि दो घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

11 लोगों की क्षमता वाली लिफ्ट में सवार थे 19 प्रशिक्षक

जानकारी के मुताबिक, जीडी गोयनका स्कूल में सदर तहसील के सरकारी कर्मचारियों और परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के लिए जनगणना के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा था। शनिवार को प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद सभी कर्मचारी घर जाने के लिए निकले। इसी दौरान जल्दबाजी में कई प्रशिक्षक एक साथ लिफ्ट में सवार हो गए। लिफ्ट की निर्धारित क्षमता 11 लोगों की थी, लेकिन उसमें 19 प्रशिक्षक सवार हो गए थे। तीसरी मंजिल से नीचे उतरते समय लिफ्ट अचानक हादसे का शिकार हो गई।

सुलतानपुर में डीजे संचालकों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 10 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

एसडीएम सदर ने मौके पर पहुंचकर की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम सदर गरिमा सोनकिया ने विद्यालय पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां मौजूद लोगों से जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि लिफ्ट की क्षमता 11 लोगों की थी, जबकि उसमें 19 प्रशिक्षक सवार हो गए थे। उनके मुताबिक, अधिक लोगों के सवार होने के कारण लिफ्ट टूटने की घटना हुई। हादसे में छह लोगों को फ्रैक्चर हुआ है। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है और उनके समुचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है।

बीएसए और पुलिस अधिकारियों ने जुटाई जानकारी

घटना की जानकारी मिलने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता भी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से बातचीत कर हादसे की जानकारी ली। वहीं, सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि नगर कोतवाली पुलिस को मौके पर भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अविनाश गुप्ता के अनुसार, दो घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है, जबकि अन्य घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुलतानपुर में पाइपलाइन के लिए खोदी गईं हजारों किलोमीटर सड़कें, कितनी हुईं ठीक? टूटी सड़क की शिकायत यहां करें

लिफ्ट की सुरक्षा और रखरखाव पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद स्कूल में लगी लिफ्ट की क्षमता, सुरक्षा मानकों और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर अधिक लोगों के एक साथ लिफ्ट में सवार होने को हादसे की वजह बताया गया है, लेकिन लिफ्ट की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की जांच भी महत्वपूर्ण होगी। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। जांच के बाद ही हादसे की पूरी परिस्थितियों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। विद्यालय प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है।

Location :  Sultanpur

Published :  31 October 2026, 8:29 PM IST

Advertisement