हिंदी
दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम? (Source: Pinterest)
New Delhi: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर को 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि की चेतावनी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, 31 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, मणिपुर, त्रिपुरा और असम में बारिश की संभावना है।
इनमें कुछ स्थानों पर हल्की से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम में बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ के साथ बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसमी सिस्टम भी अहम माना जा रहा है। दक्षिणी अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्रों में बना कम दबाव का क्षेत्र 31 अक्टूबर के आसपास डिप्रेशन में बदल सकता है।
इसके प्रभाव से 2 और 3 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में 31 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 नवंबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी में बनने वाला सिस्टम बढ़ाएगा बारिश
दिल्ली-NCR में 31 अक्टूबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
1 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और 2 नवंबर को 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यानी आने वाले दिनों में दिल्ली में धीरे-धीरे तापमान बढ़ने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में 31 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, प्रयागराज, अयोध्या, लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा और आसपास के जिलों में बारिश हो सकती है।
प्रदेश में 5 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। वहीं, बिहार में भी 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। राज्य में 31 अक्टूबर को बारिश का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है।
यूपी में बनेंगे 4 नए एक्सप्रेसवे! 17,542 करोड़ होंगे खर्च, इन शहरों की बदलेगी कनेक्टिविटी
मध्य प्रदेश में 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक बारिश की संभावना जताई गई है। इंदौर, उज्जैन, धार, झाबुआ, खरगोन, जबलपुर, छिंदवाड़ा और आसपास के इलाकों में मौसम बदल सकता है। 5 नवंबर से राज्य में बारिश से राहत मिलने का अनुमान है।
झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 31 अक्टूबर को व्यापक बारिश का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में मौसम ज्यादा परेशानी बढ़ा सकता है। उत्तराखंड में 31 अक्टूबर को बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। बारिश का असर 2 नवंबर तक बने रहने की संभावना है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और ओले गिरने की आशंका है।
दिवाली-छठ से पहले वाराणसी को बड़ी सौगात! आज से शुरू हो रही स्लीपर वंदे भारत, जानें टाइमिंग
बारिश और ठंडी हवाओं के प्रभाव से पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के साथ ठंड का अहसास भी बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।
Location : New Delhi
Published : 31 October 2026, 7:46 AM IST