हिंदी
भारत के इन इलाकों में जारी हुआ अलर्ट (Img: X)
New Delhi: भूटान में अचानक एक झील फटने से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। पानी का तेज बहाव अपने साथ सड़क का बड़ा हिस्सा बहा ले गया, जिससे भूटान का लाया क्षेत्र देश के दूसरे हिस्सों से कट गया है। इस घटना के बाद अब भारत के सीमावर्ती इलाकों में भी चिंता बढ़ गई है। पश्चिम बंगाल और असम में प्रशासन अलर्ट हो गया है। वहीं, संकोश नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, भूटान के ताकत्सेमाखांग के पास स्थित शितांफू तशो झील अचानक फट गई। इसके बाद गुरुवार रात पानी का तेज बहाव ताकत्सेमाखांग इलाके तक पहुंच गया। अंधेरा होने के कारण शुरुआत में पानी की मात्रा और नुकसान का सही अंदाजा नहीं लगाया जा सका। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पानी के बहने की तेज आवाज से घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा रहा था।
इस बाढ़ के कारण लाया इलाके की एक प्रमुख सड़क का हिस्सा भी बह गया। इससे दूरदराज का लाया क्षेत्र भूटान के बाकी हिस्सों से कट गया है। फिलहाल नुकसान का पूरा आकलन सामने नहीं आया है।
भूटान में अचानक फटी झील (Img: X)
भूटान में झील फटने के बाद पश्चिम बंगाल के वन मंत्री मनोज कुमार ओरांव ने संकोश नदी के किनारे रहने वाले लोगों के लिए एहतियाती अलर्ट जारी किया है। उन्होंने कुमारग्राम, चांगमारी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मंत्री के मुताबिक, बाढ़ का पानी फिलहाल इन इलाकों से करीब 50 से 60 किलोमीटर दूर है। हालांकि, पानी का बहाव नीचे की ओर बढ़ने पर स्थिति गंभीर हो सकती है। ऐसे में लोगों को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने बताया कि कूचबिहार प्रशासन ने संकोश नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क कर दिया है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने की भी तैयारी की जा रही है। इसके लिए स्थानीय इलाकों में माइक के जरिए घोषणाएं कर लोगों को सावधान किया जा रहा है।
दिल्ली में 16 नवंबर तक तैनात रहेंगे 270 CAPF कंपनियों के जवान, केंद्र ने फिर बढ़ाई अवधि
बताया जा रहा है कि झील से निकला पानी मोफू नदी के रास्ते संकोश नदी की ओर बढ़ रहा है। इसी वजह से भूटान के संवेदनशील इलाकों में सेना के जवानों और अन्य लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल और असम में भी प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि भूटान से निकला बाढ़ का पानी भारत के सीमावर्ती इलाकों तक कितना असर दिखाएगा। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Location : Bhutan
Published : 30 October 2026, 7:58 AM IST