हिंदी
350 से ज्यादा खाताधारकों के पैसे में हेरफेर (Image Source: Internet)
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की ऐच्छर शाखा में खाताधारकों की जमा रकम में कथित हेरफेर का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। तीसरे दिन भी बड़ी संख्या में ग्राहक बैंक पहुंचे और अपने खातों की जांच कराने के बाद रकम में गड़बड़ी की शिकायत दर्ज कराई। अब तक बैंक में शिकायत करने वाले खाताधारकों की संख्या 350 से अधिक हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, उसे भी करीब 10 नए शिकायती पत्र मिले हैं। इन शिकायतों के आधार पर कथित हेरफेर की रकम 20 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। वहीं, इस मामले में गड़बड़ी की कुल रकम 200 करोड़ रुपये से ज्यादा होने की आशंका भी जताई जा रही है।
इस मामले में श्रीचंद की शिकायत पर बुधवार को बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने बैंककर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। शिकायत में 21 खाताधारकों की जमा राशि और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) तोड़कर 10 करोड़ रुपये से अधिक की रकम में कथित हेरफेर का आरोप लगाया गया था।
इसके बाद गुरुवार को भी खाताधारकों ने अपने बैंक खातों की जांच कराई। जांच के दौरान कई ग्राहकों ने खाते से रकम गायब होने की शिकायत की। पुलिस का कहना है कि नए शिकायती पत्र मिलने के बाद कथित हेरफेर की रकम 20 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है।
मामले की जांच सीबीआई ने शुरू कर दी है। इसके साथ ही बैंक प्रबंधन की ओर से भी आंतरिक जांच कराई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पहले मिली शिकायतों के आधार पर अज्ञात बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बैंक से जुड़े सूत्रों के अनुसार, शाखा में कथित गड़बड़ी की जानकारी उच्चाधिकारियों को कई महीने पहले मिल गई थी। इसके बाद तत्कालीन बैंक मैनेजर समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर विभागीय विजिलेंस जांच शुरू कराई गई थी। जांच में कथित हेरफेर की रकम काफी अधिक सामने आने के बाद मामला सीबीआई को सौंपा गया।
हमीरपुर में पटाखे छुड़ाने को लेकर बवाल! महिला ने लगाया मारपीट और फायरिंग का आरोप
बीटा-2 कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस को कुछ और शिकायतें मिली हैं। इनके आधार पर गड़बड़ी की रकम 20 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है।
वहीं, पीएनबी के रीजनल जोनल मैनेजर राजेश भौमिक ने बताया कि अब तक तीन ग्राहकों को उनकी रकम लौटाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राहक के खाते की जांच के बाद रुपये वापस किए जाएंगे। पुराने स्टाफ के कर्मचारियों को निलंबित और स्थानांतरित किया गया है। बैंक की आंतरिक जांच जारी है और गड़बड़ी में शामिल पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।
Location : Greater Noida
Published : 30 October 2026, 6:26 AM IST