हिंदी
38 जिलों में FSDA की कार्रवाई (Image Source: Internet)
Lucknow: त्योहारों से पहले मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में अभियान चलाया। गुरुवार को की गई कार्रवाई के दौरान 260 प्रतिष्ठानों की जांच की गई और खाद्य पदार्थों के 303 नमूने लिए गए।
जांच के दौरान कई दुकानों और निर्माण स्थलों पर साफ-सफाई की कमी, खुले में रखे खाद्य पदार्थ और असुरक्षित भंडारण जैसी खामियां सामने आईं। कुछ प्रतिष्ठानों में कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी भी मिली। अधिकारियों ने अभियान के दौरान कुल 7,660 किलोग्राम खाद्य पदार्थ नष्ट किए।
विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, खामियां पाए जाने पर 15 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति भी की गई है।
हाथरस में बिना लाइसेंस चल रही शंकर मिठाई की दुकान बंद करा दी गई। रायबरेली की सागर जी परफेक्ट दुकान में मिठाइयां अंधेरे और गंदगी वाले स्थान पर रखी मिलीं। न्यू नरेश मिठाई की दुकान एवं रेस्टोरेंट में तैयार खाद्य पदार्थ खुले में रखे थे। वहां कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और कीट नियंत्रण से जुड़े अभिलेख भी नहीं मिले।
हमीरपुर में पटाखे छुड़ाने को लेकर बवाल! महिला ने लगाया मारपीट और फायरिंग का आरोप
कानपुर देहात के पंचवटी मिठाई और बदनाम गुजिया प्रतिष्ठानों में सफाई की कमी और जरूरी अभिलेखों का अभाव मिला। औरैया की इंद्रवर मिठाई की दुकान में खाद्य पदार्थों पर चूहे दौड़ते पाए गए। शिवाजी मिठाई की दुकान में मिठाइयां अखबार पर रखी मिलीं और तलने के लिए तेल का बार-बार इस्तेमाल किया जा रहा था। इन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस या पंजीकरण निलंबित करने की संस्तुति की गई।
अमरोहा के शाहबाजपुर रोड स्थित अनीश पनीर निर्माणशाला में स्टार्च मिलने पर अनुज्ञप्ति निलंबित करने की संस्तुति की गई। सीतापुर के राजस्थानी मिठाई प्रतिष्ठान में चूहे और असुरक्षित भंडारण मिला, जबकि शामली के संगल मिठाई प्रतिष्ठान में खाद्य सामग्री फर्श पर रखी मिली।
सीतापुर के सांवरिया मिठाई प्रतिष्ठान को लाइसेंस या पंजीकरण मिलने तक निर्माणशाला बंद रखने के निर्देश दिए गए। झांसी के भोले दूध एवं मिष्ठान भंडार, अंबेडकरनगर के मधुबन मिठाई प्रतिष्ठान और अलीगढ़ के श्रीराधे मिठाई प्रतिष्ठान में भी स्वच्छता, भंडारण और पंजीकरण से संबंधित खामियां मिलीं। फिरोजाबाद के ढोकला हाउस में साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर पंजीकरण निलंबित करने की संस्तुति की गई।
Karwa Chauth पर पत्नी ने नहीं रखा व्रत, तो थाने पहुंच गया पति! बोला- मेरी लंबी उम्र नहीं चाहती
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई में अलग-अलग जिलों के प्रतिष्ठानों में मिली खामियों को दर्ज किया गया। अभियान के दौरान लिए गए 303 नमूनों की जांच के नतीजों के बारे में उपलब्ध जानकारी में विस्तृत विवरण नहीं दिया गया है।
Location : Lucknow
Published : 30 October 2026, 3:40 AM IST