हिंदी
ग्रेटर नोएडा में गरबा के दौरान बवाल
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित निराला एस्पायर सोसायटी में गरबा उत्सव के दौरान जमकर हंगामा होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे करीब 10 युवकों ने गरबा कार्यक्रम में महिलाओं के साथ अभद्रता की और विरोध करने पर निवासियों को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, नशे में धुत युवकों ने कथित तौर पर थार से सुरक्षा गार्ड और निवासियों को कुचलने की कोशिश की। आरोप है कि युवक सोसायटी का बूम बैरियर तोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
मामला बिसरख कोतवाली क्षेत्र की निराला एस्पायर सोसायटी का है। सोसायटी के सुरक्षा अधिकारी विश्वास कुमार सिंह के मुताबिक, घटना रात करीब 11:05 बजे की है। उस समय परिसर में परिवारों के साथ गरबा उत्सव मनाया जा रहा था।
आरोप है कि चार गाड़ियों में सवार होकर करीब 10 युवक सोसायटी में पहुंचे। इसके बाद उन्होंने फोन करके अन्य गाड़ियां भी अंदर बुला लीं और नो-पार्किंग क्षेत्र में जबरन वाहन खड़े कर दिए। आरोप है कि युवक इसके बाद सीधे गरबा कार्यक्रम स्थल में घुस गए और वहां मौजूद महिलाओं के साथ अभद्रता करने लगे।
बताया गया कि सोसायटी के निवासियों ने युवकों की हरकतों का विरोध किया। गाड़ियां हटाने के लिए अनाउंसमेंट भी कराया गया, लेकिन आरोप है कि युवक उलटे हंगामा करने लगे।
निवासियों के मुताबिक, कई युवक शराब के नशे में थे। उन्होंने विरोध करने वालों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ती देख युवकों को सोसायटी से बाहर जाने के लिए कहा गया। आरोप है कि इसके बाद वे तेज रफ्तार में गाड़ियां दौड़ाते हुए मुख्य गेट की ओर बढ़े।
आरोप है कि थार चला रहे युवक ने मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड और कुछ निवासियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। गार्ड ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक वाहन लेकर गेट नंबर दो की ओर भागने लगे।
वहां गेट बंद मिलने पर एक युवक गाड़ी से नीचे उतरा और गेट खोलने लगा। इसी दौरान गार्ड ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि युवक बूम बैरियर तोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निवासियों ने मामले की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस के मुताबिक, मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। तीन अन्य गाड़ियों के नंबरों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने और उनकी तलाश करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस मामले से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना में शामिल लोगों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Greater Noida
Published : 20 October 2026, 11:58 AM IST
Topics : Bisrakh police station Greater Noida Garba incident Greater Noida News Nirala Aspire Society