इससे बुरा और क्या होगा? बेटी की शादी की तैयारी कर रहे पिता-भाई की मौत, जानें कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा

गांव में गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद लगी भीषण आग में पिता और बेटे की मौत हो गई। हादसे में महिला और दो वर्षीय मासूम भी झुलस गए। परिवार में 2 दिसंबर को बेटी की शादी होनी थी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू की है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 24 November 2026, 3:57 PM IST
google-preferred

Noida News: ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। दयानतपुर गांव में जिस घर से 2 दिसंबर को बेटी की डोली उठनी थी, वहां गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद लगी भीषण आग में पिता और बेटे की मौत हो गई। हादसे में परिवार की एक महिला और दो वर्षीय मासूम बच्चा भी गंभीर रूप से झुलस गया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।

घर में चल रही थीं बेटी की शादी की तैयारियां

दयानतपुर गांव निवासी 56 वर्षीय वीरपाल सिंह की बेटी की शादी आगामी 2 दिसंबर को होनी थी। घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। रिश्तेदारों का आना-जाना भी लगा हुआ था। परिवार के सदस्य शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे, लेकिन इसी बीच एक हादसे ने सारी खुशियां छीन ली।

घर में रखे गैस सिलेंडर में अचानक रिसाव होने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि घर में मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आग की चपेट में आने से वीरपाल सिंह और उनके 24 वर्षीय बेटे अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई।

बहू और दो साल का मासूम भी आग की चपेट में आए

इस हादसे में अभिषेक की 22 वर्षीय पत्नी काजल और दो वर्षीय मासूम आदित्य भी गंभीर रूप से झुलस गए। घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को भी दी।

पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत (Image: Dynamite News)

पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत (Image: Dynamite News)

हादसे में झुलसी काजल और आदित्य को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है। वहीं, पिता और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में कुछ दिनों बाद मंगलगीत गूंजने वाले थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है। बेटी की शादी से पहले हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम दयानतपुर गांव पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि जेवर थाना क्षेत्र के दयानतपुर गांव में गैस सिलेंडर में रिसाव के कारण आग लगी थी। हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य झुलस गए हैं।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एडिशनल डीसीपी के मुताबिक, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Location :  Noida

Published :  24 November 2026, 3:57 PM IST

Advertisement