हिंदी
75 की उम्र में कन्हैया लाल करेंगे शादी (Image: Dynamite News)
सबीना मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली हैं, जबकि कन्हैया लाल हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग के निवासी हैं। दोनों की मुलाकात दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में वर्ष 2025 में हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच अपनापन बढ़ा और उन्होंने बाकी जिंदगी एक-दूसरे के साथ बिताने का फैसला कर लिया।
दोनों का विवाह पहले बुधवार को बिलासपुर न्यायालय में होगा। इसके बाद वृद्धाश्रम में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह की रस्में पूरी की जाएंगी। शादी के बाद दोनों को नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम में भेजा जाएगा, जहां वे साथ में नई जिंदगी की शुरुआत करेंगे।
कन्हैया लाल की जिंदगी में मुश्किलों का दौर पत्नी की मौत के बाद शुरू हुआ। मंडी जिले के थुनाग में वह खेतीबाड़ी करके अपना जीवन गुजारते थे। उनकी कोई संतान नहीं थी। लंबी बीमारी के बाद पत्नी का निधन हो गया। बताया गया है कि उन्होंने अपनी संपत्ति भाइयों के नाम कर दी थी, लेकिन इसके बाद उन्हें परिवार से सहारा मिलने के बजाय तिरस्कार का सामना करना पड़ा।
हालात ऐसे बने कि उन्हें घर से भी बेदखल होना पड़ा। इस घटना ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया और वह जंगल में एक गुफा में रहने लगे। जब दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम को उनकी स्थिति की जानकारी मिली तो वर्ष 2022 में उन्हें वहां लाकर सहारा दिया गया।
सबीना और कन्हैया लाल (Image: X)
सबीना की जिंदगी का सफर भी आसान नहीं रहा। वह कोलकाता से घूमने के लिए शिमला निकली थी, लेकिन सफर के दौरान मशोबरा पहुंच गई। रास्ता भटकने और मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह नारी निकेतन मशोबरा पहुंच गई। वहां करीब चार साल रहने के बाद वर्ष 2025 में उन्हें दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम भेज दिया गया।
यहीं उनकी मुलाकात कन्हैया लाल से हुई। दोनों एक-दूसरे के कामों में हाथ बंटाने लगे। साथ समय बिताने के दौरान उनके बीच भावनात्मक जुड़ाव बढ़ा। धीरे-धीरे दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी बनाने का फैसला कर लिया।
सबीना और कन्हैया लाल ने अपना घर वृद्धाश्रम दयोली के संस्थापक एडवोकेट प्रकाश बंसल के सामने एक-दूसरे से शादी करने की इच्छा जाहिर की। दोनों को साथ देखकर और उनकी इच्छा जानकर प्रकाश बंसल ने उनके फैसले का सम्मान किया और विवाह की तैयारियां शुरू कर दी।
प्रकाश बंसल का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में पहली बार किसी वृद्धाश्रम में रहने वाले दो बुजुर्गों का विवाह कराया जाएगा। 25 नवंबर को पहले दोनों की बिलासपुर में कोर्ट मैरिज होगी और इसके बाद हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया जाएगा। शादी के बाद दोनों को नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम में भेजा जाएगा।
Location : Bilaspur
Published : 24 November 2026, 3:27 PM IST