हिंदी
महिला ने ड्यूटी चार्ट बनाकर पुलिस को भेजा (Image: Dynamite News)
सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस से लेकर इलाके के लोगों तक को हैरान कर दिया है। यहां दो बच्चों की मां अपने पति को छोड़ने के लिए तैयार नहीं है और न ही प्रेमी से दूरी बनाना चाहती है। महिला की जिद है कि पति, प्रेमी और दोनों बच्चों के साथ एक ही घर में रहेगी। इतना ही नहीं, उसने दोनों पुरुषों के साथ रहने का बाकायदा ड्यूटी चार्ट भी तैयार कर पुलिस को सौंप दिया है। महिला की इस अनोखी मांग के बाद पुलिस भी पूरे मामले को समझने और परिवार के बीच विवाद सुलझाने में जुट गई है।
मामला सीतापुर जिले के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के फुलवारीपुर का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, यहां रहने वाले एक युवक की पत्नी का संपर्क दूसरे युवक से हो गया था। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता प्यार में बदल गया। महिला का दावा है कि उसने 21 मार्च को अपने प्रेमी के साथ मंदिर में शादी कर ली थी।
महिला ने ड्यूटी चार्ट बनाकर पुलिस को भेजा (Image: Dynamite News)
जब इस शादी की जानकारी महिला के मायके वालों को हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया। बताया जा रहा है कि परिवार के लोगों ने महिला से नाता तक तोड़ लिया। हालांकि, महिला अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं है।
इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाली बात महिला के पति का रुख है। बताया जा रहा है कि पति को पत्नी के प्रेम संबंध और उसके प्रेमी के साथ रहने पर कोई आपत्ति नहीं है। वह पत्नी और उसके प्रेमी दोनों के साथ रहने को तैयार है। यहां तक कि उसने जरूरत पड़ने पर अपना घर छोड़ने की बात भी कही है।
बताया जाता है कि प्रेमी पहले भी पति के घर आता-जाता था और कई बार वहां रुक चुका था। पति उसे अपना भाई बताता था। अब वही युवक उसकी पत्नी का प्रेमी बन चुका है।
जब घर में इस रिश्ते को लेकर विवाद बढ़ा तो महिला अपने दोनों बच्चों, पति और प्रेमी के साथ कोतवाली पहुंच गई। पुलिस ने जब महिला से पूछा कि आखिर तीनों एक साथ कैसे रहेंगे तो उसने इसका पूरा प्लान बता दिया।
महिला ने पुलिस को एक ड्यूटी चार्ट सौंपते हुए बताया कि दिन में उसका प्रेमी उसके और बच्चों के साथ रहेगा, जबकि रात में पति उसके साथ रहेगा। महिला का कहना है कि उसने दोनों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं और इसी व्यवस्था के तहत वह एक ही घर में रहना चाहती है।
महिला के पति की सहमति के बावजूद परिवार के दूसरे सदस्य इस रिश्ते का विरोध कर रहे हैं। इसी वजह से घर में तनाव की स्थिति बनी हुई है। महिला हालांकि अपनी जिद पर अड़ी है और दोनों में से किसी को भी छोड़ना नहीं चाहती।
फिलहाल पुलिस तीनों से बातचीत कर मामले को सुलझाने की कोशिश कर रही है। देर रात तक समझाने-बुझाने का दौर चलता रहा, लेकिन महिला अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं हुई। इस अनोखे मामले की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है।
Location : Sitapur
Published : 21 November 2026, 12:37 PM IST