‘हर किसी को खुश नहीं रख सकते’, सिराज विवाद पर कपिल देव ने इमरान मसूद को दिया जवाब?

मोहम्मद सिराज को वेलिंग्टन टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली तो चयन पर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के आरोपों के बीच अब पूर्व कप्तान कपिल देव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने टीम चयन की जिम्मेदारी को लेकर क्या कहा?

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 21 November 2026, 12:10 PM IST
google-preferred

New Delhi: न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखे जाने पर विवाद गहराता जा रहा है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सिराज के चयन को लेकर भेदभाव के आरोप लगाए थे। अब इस मामले में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव की प्रतिक्रिया सामने आई है। कपिल देव ने टीम चयन को चयनकर्ताओं, कप्तान और टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि इस मामले में टिप्पणी करने का अधिकार उन्हीं लोगों को है, जिनके पास टीम चुनने की जिम्मेदारी है।

'हम हर किसी को खुश नहीं रख सकते', कपिल देव का बयान

पत्रकारों से बातचीत के दौरान कपिल देव से जब इमरान मसूद के आरोपों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि टीम चयन के फैसले पर सवालों का जवाब चयनकर्ताओं से पूछा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके जैसे लोगों को इस मामले में टिप्पणी नहीं करनी चाहिए, क्योंकि टीम चुनने की जिम्मेदारी जिन लोगों के पास है, उन्हें ही इस पर जवाब देना चाहिए।

कपिल देव ने कहा, 'चयनकर्ताओं से पूछिए। मैं कोई नहीं हूं। देखिए, हम जैसे लोगों को टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। जिन लोगों के पास यह जिम्मेदारी है, उन्हें ही जवाब देना चाहिए। मुझे लगता है कि वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। हम हर किसी को खुश नहीं रख सकते।'

सिराज को पसंद करते हैं कपिल, फिर भी चयनकर्ताओं का फैसला अहम

पूर्व भारतीय कप्तान ने भारतीय क्रिकेट व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए कहा कि व्यक्तिगत पसंद और नापसंद से ज्यादा जरूरी टीम की योजना और देश का प्रदर्शन है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह मोहम्मद सिराज को पसंद करते हैं, लेकिन अंतिम फैसला चयनकर्ताओं, मैनेजर और कप्तान को ही लेना होता है।

कपिल देव ने कहा, 'आप किसी सिस्टम की आलोचना नहीं कर सकते क्योंकि सिस्टम इसी तरह बनाया गया है। यह कहना कि भारतीय क्रिकेट अच्छा कर रहा है, अधिक महत्वपूर्ण है। मैं सिराज को पसंद करता हूं, लेकिन मुझे लगता है कि चयनकर्ता, मैनेजर और कप्तान को ही टीम चुननी होती है। हमारी पसंद और नापसंद से कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए, बल्कि यह मायने रखता है कि संगठन किस तरह योजना बना रहा है।'

इमरान मसूद ने सिराज के चयन पर लगाए थे भेदभाव के आरोप

दरअसल, यह विवाद न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले जा रहे पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से मोहम्मद सिराज को बाहर रखे जाने के बाद शुरू हुआ। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में टीम चयन पर सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया था कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद सिराज को टीम में जगह नहीं दी गई और इसके पीछे उनके नाम को लेकर भेदभाव किया गया।

इमरान मसूद ने कहा था, 'यह कहा जा रहा है कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई। उनका नाम सिराज है और इसी वजह से उन्हें जगह नहीं मिली। अगर आप अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें नहीं चुन रहे हैं, तो भेदभाव साफ नजर आता है।'

अब कपिल देव के बयान के बाद इस मुद्दे पर बहस और तेज हो सकती है। हालांकि, पूर्व कप्तान ने साफ कर दिया है कि टीम चयन का फैसला चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन के अधिकार क्षेत्र में आता है।

Location :  New Delhi

Published :  21 November 2026, 12:10 PM IST

Advertisement