भारत-पाकिस्तान सीमा पर हड़कंप: तारबंदी पार कर भारत में घुसा पाकिस्तानी युवक, ग्रामीणों ने दबोचा

जम्मू-कश्मीर के अरनिया सेक्टर में तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हुए 20 वर्षीय पाकिस्तानी युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। जानिए कहां से आया युवक और पुलिस की जांच में क्या सामने आया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 21 November 2026, 11:32 AM IST
google-preferred

Jammu: जम्मू-कश्मीर के आरएसपुरा में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अरनिया सेक्टर में शनिवार सुबह तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हुए एक पाकिस्तानी युवक को स्थानीय ग्रामीणों ने पकड़ लिया। युवक सई कलां इलाके में हर पीर पुल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा था। ग्रामीणों ने उससे पूछताछ की तो उसकी पहचान पाकिस्तानी नागरिक के रूप में हुई। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और युवक से पूछताछ शुरू कर दी गई।

हर पीर पुल के पास संदिग्ध हालत में घूम रहा था युवक

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे अरनिया सेक्टर के सई कलां इलाके में हर पीर पुल के पास स्थानीय ग्रामीणों ने एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते देखा। ग्रामीणों को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ तो उन्होंने उससे पूछताछ शुरू की। इस दौरान युवक के पाकिस्तानी नागरिक होने की जानकारी सामने आई।

ग्रामीणों ने बिना देर किए उसे पुलिस पोस्ट सई कलां के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए अरनिया पुलिस स्टेशन ले गई।

पाकिस्तान के लैय्या जिले का रहने वाला है युवक

पकड़े गए युवक की पहचान अवल्स राजा (20) पुत्र इमदाद हुसैन के रूप में हुई है। वह पाकिस्तान के बस्ती गोकल, डाकखाना खास, जारनवाली, तहसील करोर लाल ईसान, जिला लैय्या का निवासी बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक पाकिस्तान की तरफ से एक नाले के किनारे-किनारे चलते हुए तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था। उसके पास से पाकिस्तानी मुद्रा मिलने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, उसके भारत में दाखिल होने के मकसद को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं पूछताछ

युवक को हिरासत में लेकर पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह किस रास्ते से भारतीय सीमा में दाखिल हुआ और सीमा पार करने के पीछे उसका क्या मकसद था।

बताया जा रहा है कि अरनिया सेक्टर में तारबंदी पार कर किसी पाकिस्तानी नागरिक के भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने का यह पहला मामला है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। घटना के बाद सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।

 

 

Location :  Jammu

Published :  21 November 2026, 11:32 AM IST

Advertisement