तुर्की के कारनामे से अमेरिका के छूटे पसीने, बिना पायलट के लड़ेगा जंग

बिना पायलट उड़ान, स्टील्थ तकनीक और हवा से हवा में मिसाइल हमला! तुर्की के बायरकतार किजिलेल्मा की खूबियां दुनिया का ध्यान खींच रही हैं। जानिए इस मानवरहित फाइटर जेट की पूरी ताकत।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 21 November 2026, 11:11 AM IST
google-preferred

New Delhi: दुनिया में हवाई युद्ध का भविष्य बदलने की तैयारी तेज हो गई है। तुर्की ने अपनी सैन्य ताकत में एक ऐसा फाइटर जेट शामिल करने का ऐलान किया है, जो बिना पायलट के उड़ान भर सकता है और दुश्मन के लड़ाकू विमानों को भी निशाना बनाने की क्षमता रखता है। इसका नाम बायरकतार किजिलेल्मा (Bayraktar Kızılelma) है। इसे तुर्की की रक्षा कंपनी बायकर (Baykar) ने तैयार किया है। कंपनी के 19 दिसंबर को जारी बयान के मुताबिक, उसने तुर्की की सेना को तीन जेट इंजन से संचालित किजिलेल्मा मानवरहित लड़ाकू विमान सौंपे हैं। इस घटनाक्रम को भविष्य के हवाई युद्ध की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

क्या है किजिलेल्मा? बिना पायलट के लड़ेगा हवाई जंग

बायरकतार किजिलेल्मा एक मानवरहित लड़ाकू विमान है, जिसे स्टील्थ तकनीक के साथ विकसित किया गया है। यानी इसे रडार की पकड़ में आने से बचने के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सामान्य ड्रोन की तरह केवल निगरानी या जमीन पर हमला करने तक सीमित नहीं है, बल्कि हवा से हवा में भी लड़ाई लड़ने की क्षमता रखता है।

इसमें ड्रोन के पारंपरिक इंजन के बजाय फाइटर जेट में इस्तेमाल होने वाला जेट इंजन लगाया गया है। इसकी अधिकतम गति 0.9 मैक बताई गई है। बायकर की वेबसाइट के मुताबिक, इसकी लंबाई करीब 14.5 मीटर और विंगस्पैन 10 मीटर है। इसका अधिकतम टेकऑफ वजन 8,500 किलोग्राम और पेलोड क्षमता 1,500 किलोग्राम है।

25 हजार फीट की ऑपरेशनल रेंज, तीन घंटे तक उड़ान

किजिलेल्मा की तकनीकी क्षमताएं इसे आधुनिक मानवरहित लड़ाकू विमानों की श्रेणी में खास बनाती हैं। इसकी गति 0.6 से 0.9 मैक के बीच बताई गई है। इसकी ऑपरेशनल रेंज 25 हजार फीट और सर्विस सीलिंग 40 हजार फीट है।

इसकी लड़ाकू रेंज 500 नॉटिकल माइल बताई गई है। यह एक बार में करीब तीन घंटे तक लगातार उड़ान भर सकता है। इन क्षमताओं के साथ यह निगरानी, टोही और हवाई हमलों जैसे सैन्य अभियानों में इस्तेमाल किया जा सकता है।

AESA रडार और आधुनिक सेंसर से लैस

इस मानवरहित लड़ाकू विमान में तुर्की की कंपनी एसेल्सन (ASELSAN) का मुराद AESA रडार लगाया गया है। इसके अलावा इसमें इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल टारगेटिंग सिस्टम और इंफ्रारेड सर्च एंड ट्रैक (IRST) सिस्टम भी मौजूद है।

यह विमान ऑटोमैटिक टेकऑफ करने में सक्षम है। इसमें क्रूज क्षमता भी दी गई है। इसकी एक और खासियत यह है कि यह पायलट वाले लड़ाकू विमानों के साथ लॉयल विंगमैन की भूमिका निभा सकता है। यानी यह मानव संचालित फाइटर जेट के साथ मिलकर सैन्य अभियान में हिस्सा ले सकता है।

मिसाइलों और गाइडेड बम से करेगा हमला

किजिलेल्मा को हवा से हवा और हवा से जमीन पर हमला करने के लिए तैयार किया गया है। यह अपने साथ आंतरिक और बाहरी हथियारों के जरिए हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें ले जा सकता है।

तुर्की इसमें अपनी गोकडोगन और बोज़डोगन मिसाइलों को भी इंटीग्रेट करेगा। इसके अलावा यह गाइडेड बम से भी हमला करने की क्षमता रखता है। इस तरह यह केवल निगरानी करने वाला ड्रोन नहीं, बल्कि हवाई युद्ध में सीधे हिस्सा लेने वाला मानवरहित लड़ाकू विमान है।

Baykar ने बनाया, पहले भी बना चुका है कई चर्चित ड्रोन

किजिलेल्मा को तुर्की की रक्षा कंपनी बायकर ने विकसित किया है। यह कंपनी बायरकतार TB-2, TB-3, अकिन्सी और अंका जैसे मानवरहित विमानों के लिए जानी जाती है।

पारंपरिक सैन्य ड्रोन का इस्तेमाल मुख्य रूप से निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने और जमीन पर हमले के लिए किया जाता रहा है। कुछ ड्रोन आत्मघाती हमलों के लिए भी इस्तेमाल होते हैं। लेकिन किजिलेल्मा इस तकनीक को एक नए स्तर पर ले जाने की कोशिश है। यह हवा से हवा में मिसाइल दागने, जमीन पर हमला करने, खुफिया जानकारी जुटाने और मानव संचालित फाइटर जेट के साथ मिलकर ऑपरेशन करने में सक्षम बनाया गया है।

तुर्की का यह मानवरहित लड़ाकू विमान आने वाले समय में हवाई युद्ध की रणनीति में बड़ा बदलाव ला सकता है। इसकी तकनीक और सैन्य क्षमताओं के चलते अमेरिका और चीन जैसे देशों के लिए भी मानवरहित लड़ाकू विमानों के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा और तेज होने की संभावना है।

Location :  New Delhi

Published :  21 November 2026, 11:11 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement