व्हाइट हाउस में बड़ा बदलाव: ट्रंप ने साइबर सुरक्षा प्रमुख को हटाया, अब कौन संभालेगा कमान?

अमेरिका में तकनीकी रुकावटों और AI से जुड़े खतरों के बीच डोनल्ड ट्रंप ने बड़ा फैसला लिया है। व्हाइट हाउस में हुए इस बदलाव के बाद अब साइबर सुरक्षा की जिम्मेदारी किसे मिली है? जानिए पूरी खबर।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 20 November 2026, 9:14 AM IST
google-preferred

वॉशिंगटन: अमेरिका में लगातार सामने आ रही तकनीकी रुकावटों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े खतरों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने बड़ा फैसला लिया है। व्हाइट हाउस के साइबर सुरक्षा प्रमुख शॉन केर्नक्रॉस को उनके पद से हटा दिया गया है। इस फैसले को लेकर अमेरिकी प्रशासन में हलचल है। अब उनकी जगह रक्षा विभाग की चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर कर्स्टन डेविस को कार्यवाहक जिम्मेदारी सौंपी गई है।

न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक सूत्र ने बताया कि राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने केर्नक्रॉस को पद से हटाए जाने के फैसले का पूरा समर्थन किया। सूत्र के अनुसार, केर्नक्रॉस के पास इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए जरूरी योग्यताएं नहीं थीं। ऐसे में उन्हें पद से हटाने का निर्णय लिया गया।

कर्स्टन डेविस संभालेंगी साइबर सुरक्षा प्रमुख की जिम्मेदारी

शॉन केर्नक्रॉस की जगह फिलहाल रक्षा विभाग की चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर कर्स्टन डेविस कार्यवाहक के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगी। सूत्र के अनुसार, डेविस के पास इस पद के लिए अधिक उपयुक्त योग्यताएं हैं। इसके अलावा उन्हें अमेरिकी सीनेट से भी मंजूरी मिल चुकी है।

यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब अमेरिका में तकनीकी व्यवस्था को लेकर कई गंभीर चुनौतियां सामने आई हैं। हाल के दिनों में हुई बड़ी तकनीकी रुकावटों के कारण बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। इन व्यवधानों से यात्रा, संचार और ई-कॉमर्स जैसी सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

NSA के गोपनीय संचार नेटवर्क पर भी पड़ा असर

अमेरिका में हालिया तकनीकी रुकावटों का असर केवल आम उपयोगकर्ताओं तक सीमित नहीं रहा। इनका प्रभाव नेशनल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (NSA) के एक बेहद गोपनीय आंतरिक संचार नेटवर्क पर भी पड़ा है।

तकनीकी सेवाओं में आई इन बाधाओं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े संभावित खतरों को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। इसी पृष्ठभूमि में व्हाइट हाउस के साइबर सुरक्षा नेतृत्व में यह बदलाव किया गया है।

ट्रंप के पहले कार्यकाल में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं केर्नक्रॉस

शॉन केर्नक्रॉस का राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के साथ पहले भी काम करने का अनुभव रहा है। नेशनल साइबर डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभालने से पहले उन्होंने ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान व्हाइट हाउस में कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं।

इसके अलावा, केर्नक्रॉस ने 2016 के चुनाव चक्र के दौरान रिपब्लिकन नेशनल कमेटी (RNC) के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के रूप में भी काम किया था। अब उन्हें पद से हटाए जाने के बाद अमेरिकी साइबर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अस्थायी रूप से कर्स्टन डेविस संभालेंगी।

Location :  Washington/New Delhi

Published :  20 November 2026, 9:14 AM IST

Advertisement