जिस भाई पर था भरोसा, उसी पर हत्या का आरोप; शाहिद पहलवान के कत्ल की पूरी कहानी

आगरा में पहलवान और जिम ट्रेनर शाहिद उर्फ गुड्डू पहलवान की हत्या के मामले में पुलिस की जांच में संपत्ति विवाद की बात सामने आई है। 60 लाख रुपये की जमीन और एक प्लॉट को लेकर परिवार में क्या चल रहा था? वारदात के बाद घटनास्थल पर ऐसा क्या हुआ कि पुलिस को आरोपियों को वापस ले जाना पड़ा?

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 21 November 2026, 12:35 PM IST
google-preferred

Agra: आगरा में जिम ट्रेनर और पहलवान शाहिद उर्फ गुड्डू पहलवान की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, शाहिद की हत्या के पीछे संपत्ति का विवाद था। इस मामले में मृतक के सगे भाई अफसर उर्फ लाला और दो भतीजों मेहताब व अल्ताफ उर्फ आफताब को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस की पूछताछ में 60 लाख रुपये में बेची गई जमीन और मकान के पीछे के प्लॉट को लेकर विवाद की बात सामने आई है।

60 लाख की जमीन के पैसों को लेकर था विवाद

मामला आगरा के थाना न्यू आगरा क्षेत्र के सुरेश नगर का है। यहां 17 नवंबर को शाहिद उर्फ गुड्डू पहलवान की घर के पास ही हत्या कर दी गई थी। वारदात का वीडियो भी सामने आया था। इस मामले में शाहिद के दोस्त दिलशाद ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें मृतक के सगे भाई और दो भतीजों को नामजद किया गया था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को तीनों आरोपियों को पकड़ लिया था।

डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि शाहिद ने एक जमीन 60 लाख रुपये में बेची थी। आरोपियों का भी उस जमीन में हिस्सा था, लेकिन शाहिद ने उन्हें हिस्सा देने से इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इसके अलावा मकान के पीछे स्थित एक प्लॉट को लेकर भी शाहिद और आरोपियों के बीच विवाद था। पुलिस के मुताबिक, इन्हीं विवादों के चलते शाहिद की हत्या की गई।

स्कूटी से जा रहे शाहिद का बाइक से किया पीछा

पुलिस के अनुसार, वारदात वाले दिन शाहिद स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने बाइक से उनका पीछा किया और सुरेश नगर तिराहे पर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद शाहिद को उनका बेटा जैद थाना न्यू आगरा लेकर पहुंचा। कुछ देर बाद शाहिद के दोस्त दिलशाद भी थाने आ गए।

शाहिद की हालत गंभीर होने पर पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में पुलिस ने दिलशाद की तहरीर पर आपराधिक मानव वध के प्रयास की धारा में प्राथमिकी दर्ज की थी। शाहिद की मौत होने के बाद मामले में हत्या की धारा बढ़ाई गई।

घटनास्थल पर आरोपियों को ले गई पुलिस, लोगों ने जताया गुस्सा

गिरफ्तारी के बाद पुलिस तीनों आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर गई थी। इसकी जानकारी मिलते ही इलाके के लोग वहां इकट्ठा हो गए। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ गुस्सा जाहिर करना शुरू कर दिया। माहौल को देखते हुए पुलिस आरोपियों को लेकर वापस लौट आई। शाहिद के पक्ष के लोगों में आरोपियों को लेकर काफी आक्रोश बताया जा रहा है।

बेटे ने जताई अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका

शाहिद के बेटे जैद का कहना है कि इस घटना में कुछ और लोग भी शामिल थे। उसने मांग की है कि उन सभी को भी आरोपी बनाया जाए। वहीं, शाहिद के दोस्त दिलशाद इस मामले में वादी हैं। घटना के बाद से वह घबराए हुए बताए जा रहे हैं। डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार ने कहा है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच की जाएगी और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो केस में उनके नाम भी जोड़े जाएंगे।

फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Location :  Agra

Published :  21 November 2026, 12:35 PM IST

Advertisement