मेरा भैया! एक-दूसरे से लिपटकर खूब रोए दो भाई, 6 महीने से बंद थी बातचीत, पुलिस ने याद दिलाया बचपन

कभी गरीबी में एक-दूसरे का सहारा बने दो भाइयों के बीच जमीन और फसल के बंटवारे ने ऐसी दरार पैदा की कि छह महीने तक बातचीत बंद रही। फिर फतेहपुर के थाने में कुछ ऐसा हुआ कि दोनों अपने आंसू नहीं रोक पाए। पुलिस की काउंसलिंग का यह भावुक मामला देखिए।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 20 November 2026, 12:57 PM IST
google-preferred

Fatehpur News: जमीन और फसल के बंटवारे ने दो सगे भाइयों के बीच ऐसी दरार पैदा कर दी कि छह महीने तक एक-दूसरे का चेहरा देखना तो दूर, बातचीत तक बंद रही। कभी गरीबी में साथ मिलकर मजदूरी करने वाले इन भाइयों ने अपनी मेहनत से करोड़ों का कारोबार और संपत्ति खड़ी की, लेकिन जब बंटवारे की बात आई तो रिश्तों में कड़वाहट घुल गई।

विवाद इतना बढ़ा कि मामला पुलिस तक पहुंच गया। दोनों भाई अपनी-अपनी बात पर अड़े थे, लेकिन थाने में पुलिस की एक पहल ने ऐसा असर दिखाया कि वर्षों के संघर्ष और बचपन की यादों के सामने सारी नाराजगी छोटी पड़ गई। पुलिस की काउंसलिंग के दौरान दोनों भाई एक-दूसरे के गले लगकर फूट-फूटकर रोने लगे। यह भावुक नजारा देखकर वहां मौजूद उनकी पत्नियों की आंखें भी नम हो गई।

जमीन और फसल के बंटवारे ने बिगाड़ा रिश्ता

पूरा मामला उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के एकारी गांव का है। यहां रहने वाले राकेश चंद्र श्रीवास्तव और उनके छोटे भाई रमेश चंद्र श्रीवास्तव के बीच जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। शुरुआत में यह विवाद आपसी मतभेद तक सीमित था, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच दूरियां बढ़ती चली गईं। नौबत यहां तक पहुंच गई कि पिछले छह महीने से दोनों भाइयों ने एक-दूसरे से बातचीत तक बंद कर दी थी।

परिवार के बीच बढ़ती इस कड़वाहट का असर रिश्तों पर भी पड़ने लगा। मामला इतना गंभीर हुआ कि विवाद पुलिस और एसपी तक पहुंच गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों भाइयों के बीच समझौता कराने की पहल की।

फतेहपुर में एक-दूसरे से लिपटकर खूब रोए दो भाई (Image: Dynamite News)

फतेहपुर में एक-दूसरे से लिपटकर खूब रोए दो भाई (Image: Dynamite News)

गरीबी में साथ किया संघर्ष, बेंगलुरु में खड़ा किया करोड़ों का कारोबार

बताया जाता है कि राकेश और रमेश का बचपन बेहद गरीबी में गुजरा था। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। ऐसे में दोनों भाइयों ने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए मजदूरी की और मुश्किल वक्त में एक-दूसरे का सहारा बने रहे।

करीब 15 साल पहले दोनों बेहतर भविष्य की तलाश में बेंगलुरु चले गए। वहां उन्होंने कड़ी मेहनत की और अपने संघर्ष के दम पर कारोबार खड़ा किया। धीरे-धीरे उनकी आर्थिक स्थिति सुधरी और दोनों ने करोड़ों की संपत्ति बना ली। लेकिन जिस मेहनत और एकजुटता से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया था, वही रिश्ता जमीन और फसल के बंटवारे के विवाद में कमजोर पड़ने लगा। संपत्ति को लेकर शुरू हुई खींचतान ने दोनों को एक-दूसरे से दूर कर दिया।

पुलिस की काउंसलिंग में याद आया बचपन, गले लगकर रोए दोनों भाई

विवाद को खत्म कराने के लिए गुरुवार को थरियांव थाना प्रभारी शमशेर बहादुर ने दोनों भाइयों को थाने बुलाया। यहां पुलिस ने दोनों की काउंसलिंग की। पुलिस ने उन्हें उनके बचपन के दिन याद दिलाए। बताया कि किस तरह दोनों ने गरीबी में साथ रहकर संघर्ष किया, मजदूरी की और एक-दूसरे का सहारा बनकर जिंदगी में आगे बढ़े।

पुलिस की इस समझाइश का दोनों भाइयों पर गहरा असर हुआ। देखते ही देखते थाने का माहौल भावुक हो गया। छह महीने से एक-दूसरे से बात नहीं करने वाले दोनों भाई अचानक गले मिले और फूट-फूटकर रोने लगे। दोनों को इस तरह भावुक देखकर उनकी पत्नियां भी अपने आंसू नहीं रोक सकी।

आपसी सहमति से खत्म किया विवाद, परिवार में लौटी खुशियां

आखिरकार पुलिस की समझाइश रंग लाई और दोनों भाइयों ने अपने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर विवाद खत्म करने का फैसला किया। दोनों ने आपसी सहमति से फिर से मिल-जुलकर रहने की बात कही। छह महीने से चली आ रही नाराजगी खत्म हुई तो परिवार के लोगों ने भी राहत की सांस ली।

जिस विवाद ने दो भाइयों को एक-दूसरे से दूर कर दिया था, उसका अंत थाने में गले मिलने और आंसुओं के साथ हुआ। इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की काउंसलिंग ने अहम भूमिका निभाई और एक बिखरते पारिवारिक रिश्ते को फिर से जोड़ने में मदद की।

Location :  Fatehpur

Published :  20 November 2026, 12:57 PM IST

Related News

Advertisement