हिंदी
आगरा यूनिवर्सिटी का वायरल वीडियो (Img: Dynamite News)
Agra: उत्तर प्रदेश के जनपद आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान में एक प्रोफेसर पर चार छात्राओं के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। बेसमेंट पार्किंग में हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में शिक्षक के व्यवहार और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब चार बजे चार छात्राएं अपनी गाड़ी निकालने के लिए बेसमेंट पार्किंग पहुंची थीं। इसी दौरान इतिहास विभाग के प्रोफेसर बीडी शुक्ला अपनी कार लेकर बेसमेंट में दाखिल हो रहे थे। रास्ते में गाड़ी खड़ी होने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। छात्राओं का आरोप है कि प्रोफेसर ने अपनी कार बीच रास्ते में खड़ी कर दी, जिससे उन्हें बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला।
ये भी पढ़ें: Agra News: ताजमहल में गूंजा ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नारा, भाजपा नेता के वायरल वीडियो से गरमाई सियासत
छात्राओं ने आरोप लगाया कि रास्ता देने की बात कहने पर प्रोफेसर ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर कथित तौर पर उनका मोबाइल फोन छीनकर फेंक दिया। छात्राओं का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो प्रोफेसर और भड़क गए। इसी दौरान उन्होंने कथित रूप से धमकी देते हुए कहा कि अभी तो सिर्फ गाली दी है, मारूंगा भी तुमको।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर चार छात्राओं के अलावा इतिहास विभाग के तीन शिक्षक भी मौजूद थे। विवाद के दौरान छात्राओं ने मोबाइल से वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर लोग विश्वविद्यालय में शिक्षक और छात्राओं के बीच व्यवहार तथा संस्थान में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
मामले को लेकर NSUI ने घटना को निंदनीय बताते हुए संबंधित प्रोफेसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से शिकायत करने की बात कही है। उनका सवाल है कि यदि विश्वविद्यालय में शिक्षक ही छात्राओं के साथ इस तरह का व्यवहार करेंगे तो छात्राएं खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेंगी?
ये भी पढ़ें: Prayagraj News: सेना के प्रदीप सिंह चौधरी ने जीती 41वीं इंदिरा मैराथन, 6 साल बाद हाफ मैराथन की भी वापसी
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलाधिपति राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी, सम्मान और सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करती रही हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर पर छात्राओं से अभद्रता और धमकी देने के आरोपों ने प्रशासन की जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
फिलहाल प्रोफेसर बीडी शुक्ला की ओर से आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विश्वविद्यालय प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया और मामले में जांच या कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
Location : Agra
Published : 20 November 2026, 12:14 PM IST
Topics : Agra Professor Misbehaves with Students Agra University Viral Video DBRAU Agra Parking Dispute Dr Bhimrao Ambedkar University Agra News UP News