हिंदी
यूपी की हर बड़ी खबर एक जगह (Source: Dynamite News)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में आज क्या हो रहा है? राजनीति से लेकर अपराध, शिक्षा, रोजगार, मौसम और सरकारी योजनाओं तक हर बड़ी खबर का ताजा अपडेट यहां मिलेगा। प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, नोएडा और गाजियाबाद समेत सभी जिलों की महत्वपूर्ण खबरों से जुड़े रहें। सरकार के फैसलों, प्रशासनिक हलचल, पुलिस कार्रवाई, सड़क हादसों, चुनावी गतिविधियों और जनहित से जुड़े मुद्दों की पल-पल की जानकारी यहां पढ़ें। यूपी की ब्रेकिंग न्यूज, बड़ी खबरें और स्थानीय घटनाक्रम जानने के लिए इस लाइव अपडेट को लगातार फॉलो करते रहें। हर जरूरी अपडेट सबसे पहले जानें।
गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र के कुड़ाघाट स्थित आवास विकास कॉलोनी चौराहे पर रोड शो के दौरान चल रही जेसीबी की टक्कर से 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। बाइक से जा रहे छात्र को जेसीबी ने ऐसी टक्कर मारी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर के बड़े बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
महराजगंज के नवागत जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने कार्यभार संभालने के बाद जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में मिली खामियों और दलालों के कथित आतंक को लेकर डाइनामाइट न्यूज ने उनसे एक्सक्लूसिव बातचीत की। जानिए, निरीक्षण में क्या सामने आया और इन सवालों पर डीएम ने क्या जवाब दिया।
मिर्जापुर के हलिया ब्लॉक की मनीगढ़ा ग्रामसभा में पिपराही टोले को जोड़ने वाली पुलिया निर्माण के छह महीने में ही धंस गई। क्षेत्र पंचायत से बनी इस पुलिया की लागत 8 से 10 लाख रुपये बताई जा रही है। ग्रामीणों ने निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर जांच और मरम्मत की मांग की है।
हाथरस के मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव गुबरारी में बुधवार शाम खेत की मेड़ काटने का विरोध करना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया। आरोप है कि मेड़ काट रहे लोगों ने विरोध करने पहुंचे ग्रामीण के साथ पहले मारपीट की और फिर उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
सीतापुर के मिश्रिख थाना क्षेत्र में कली चौराहे से मछरेटा रोड पर डीसीएम ने सड़क किनारे खड़े ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई। तीन घायलों का उपचार जारी है।
बलिया जिले में बीते पांच वर्षों के दौरान मतदाताओं की संख्या में लगातार इजाफा हुआ है। वर्ष 2021 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के समय जिले में जहां 25,36,827 मतदाता पंजीकृत थे, वहीं मतदाता सूची के हालिया पुनरीक्षण के बाद यह संख्या बढ़कर 27,03,574 हो गई है। इस तरह वर्ष 2021 के मुकाबले जिले में अब तक 1,66,747 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। वहीं हालिया पुनरीक्षण में ही 58,205 मतदाताओं की शुद्ध बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मतदाता सूची पुनरीक्षण के आंकड़ों के मुताबिक जिले में पहले 26,45,369 मतदाता थे। पुनरीक्षण के दौरान 96,164 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 37,959 नाम सूची से हटाए गए। इसके अलावा 2,998 संशोधन किए गए। इस प्रक्रिया के बाद मतदाताओं की कुल संख्या 27 लाख के पार पहुंच गई। जिले में मतदाताओं की वृद्धि दर 2.20 प्रतिशत रही।
बस्ती के नगर थाना क्षेत्र के रमवापुर कला गांव में गुरुवार सुबह घायल अवस्था में मिले 35 वर्षीय रामभवन पुत्र रामजग की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पुलिस की पीआरवी टीम ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कप्तानगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में आंवला रोड बायपास पर सोनू का शव मिला। परिजनों ने जिम संचालक और उसके साथियों पर पिटाई का आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस के मुताबिक युवक की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई। मामले की जांच जारी है।
Location : Lucknow
Published : 19 November 2026, 1:34 PM IST