देवघर के त्रिकुट पहाड़ पर आस्था की राह मुश्किल, रोपवे बंद होने से शालिग्राम पत्थर तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण

देवघर के त्रिकुट पहाड़ पर स्थित रहस्यमयी शालिग्राम पत्थर तक पहुंचना अब आसान नहीं रहा। 2022 के रोपवे हादसे के बाद सेवा बंद है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को दो घंटे की कठिन चढ़ाई करनी पड़ती है। इससे पर्यटन और स्थानीय कारोबार भी प्रभावित हो रहे हैं।

Updated : 19 November 2026, 1:40 PM IST
google-preferred

Deoghar: धार्मिक नगरी देवघर की पहचान सिर्फ बाबा बैद्यनाथ धाम तक सीमित नहीं है। यहां की प्राकृतिक विरासत और पौराणिक मान्यताएं भी पर्यटकों को अपनी ओर खींचती हैं। इन्हीं आकर्षणों में एक है त्रिकुट पहाड़ की ऊंची चोटी पर स्थित रहस्यमयी शालिग्राम पत्थर। आस्था और कौतूहल का अनूठा संगम माने जाने वाले इस पत्थर को करीब से देखने की चाह लेकर कभी बड़ी संख्या में सैलानी त्रिकुट पहुंचते थे। लेकिन रोपवे हादसे के बाद बदली परिस्थितियों ने इस आकर्षण तक पहुंचने का रास्ता ही मुश्किल कर दिया है। जिस चोटी तक पहले रोपवे के सहारे आसानी से पहुंचा जा सकता था, वहां अब पहुंचने के लिए पर्यटकों को करीब दो घंटे तक कठिन पहाड़ी रास्तों पर पैदल चलना पड़ता है।

आस्था, रहस्य और प्रकृति का अनोखा संगम

त्रिकुट पहाड़ की ऊंची चोटी पर मौजूद शालिग्राम पत्थर स्थानीय लोगों के बीच विशेष धार्मिक महत्व रखता है। धार्मिक मान्यताओं में इसे भगवान विष्णु के सिंहासन से जोड़कर देखा जाता है। इस पत्थर को लेकर कई तरह की लोक आस्थाएं प्रचलित हैं। कुछ लोगों का विश्वास है कि इसके समीप जाने से शारीरिक कष्टों से राहत मिलती है। यही वजह है कि प्राकृतिक सौंदर्य के साथ इस धार्मिक स्थल को देखने की उत्सुकता भी सैलानियों को यहां तक खींचती रही है।

Video: संविधान दिवस पर SIR विवाद को लेकर दिल्ली में बड़ा मार्च, क्या पीस बॉन्ड की शर्तें रोकेंगी CJP के तीनों नेताओं को?

2022 का हादसा बना पर्यटन की राह में बड़ी बाधा

त्रिकुट पहाड़ का रोपवे कभी यहां के पर्यटन की सबसे बड़ी ताकत हुआ करता था। रोपवे के जरिए पर्यटक कम समय में पहाड़ की ऊंची चोटी तक पहुंचकर आसपास के विहंगम दृश्य का आनंद लेते थे। लेकिन वर्ष 2022 में हुए दर्दनाक रोपवे हादसे के बाद यह सुविधा बंद हो गई। हादसे के बाद से ही यहां की पर्यटन गतिविधियों पर इसका असर दिखाई देने लगा। रोपवे बंद होने से न केवल शालिग्राम पत्थर तक पहुंचना कठिन हुआ, बल्कि पहाड़ की ऊंचाई पर मौजूद प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने वाले पर्यटकों की राह भी मुश्किल हो गई।

Deoghar news

त्रिकुट पहाड़ पर स्थित शालिग्राम पत्थर तक पहुंचना अब आसान नहीं (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)

दो घंटे की चढ़ाई, हर किसी के बस की बात नहीं

रोपवे की सुविधा बंद होने के बाद अब पर्यटकों को पहाड़ की चोटी तक पहुंचने के लिए पैदल रास्ता चुनना पड़ता है। करीब दो घंटे की चढ़ाई, पथरीला रास्ता और पहाड़ी उतार-चढ़ाव किसी चुनौती से कम नहीं हैं। युवा और शारीरिक रूप से सक्षम लोग तो किसी तरह यह सफर पूरा कर लेते हैं, लेकिन बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए यह काफी कठिन साबित होता है। नतीजतन, कई पर्यटक त्रिकुट पहुंचने के बावजूद शालिग्राम पत्थर तक नहीं पहुंच पाते। पर्यटन स्थल पर मौजूद आकर्षण सामने होते हुए भी उसका दीदार नहीं कर पाना सैलानियों को निराश करता है।

तीन चोटियों में दिखती है त्रिदेव की मान्यता

त्रिकुट पहाड़ की पहचान उसकी तीन विशाल चोटियों से भी है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इन चोटियों को ब्रह्मा, विष्णु और महेश से जोड़कर देखा जाता है। चारों ओर फैली हरियाली, घने जंगल, ऊंचे पहाड़ और प्राकृतिक वातावरण इस स्थल को खास बनाते हैं। सर्दियों के मौसम में यहां का नजारा और भी मनमोहक हो जाता है। रोपवे चालू रहने के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक परिवार के साथ यहां पहुंचते थे और पहाड़ की चोटी पर समय बिताते थे। अब सुविधाओं के अभाव में इस तरह की पर्यटन गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं।

Gorakhpur: वन रेंज में पेड़ों की कटान को लेकर सवाल, रेंजर ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

रोपवे बंद होने से स्थानीय कारोबार की रफ्तार भी थमी

त्रिकुट पहाड़ की खूबसूरती सिर्फ पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र नहीं थी, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों की आजीविका का जरिया भी थी। पर्यटकों की आवाजाही से स्थानीय गाइड, छोटे दुकानदारों और अन्य कारोबारियों को रोजगार मिलता था। रोपवे बंद होने के बाद पर्यटकों की गतिविधियां सीमित हुईं तो इसका असर स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहले शालिग्राम पत्थर देखने के लिए दूर-दराज से लोग आते थे, लेकिन अब कठिन चढ़ाई के कारण कई लोग ऊपर जाने का जोखिम नहीं उठाते।

न्यायालय में मामला, तकनीकी अड़चनों से अटकी प्रक्रिया

रोपवे को दोबारा शुरू करने और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के सवाल पर जिला पर्यटन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि वर्ष 2022 में हुए हादसे के बाद मामला न्यायालय में विचाराधीन है। संबंधित कंपनी को मुआवजा देने का आदेश भी दिया गया है, लेकिन तकनीकी समस्याओं के कारण आगे की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि त्रिकुट पहाड़ जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और इसे ए-ग्रेड पर्यटन स्थल की श्रेणी में रखा गया है।

Location :  Deoghar

Published :  19 November 2026, 1:40 PM IST

Related News

Advertisement