GTA V से GTA VI तक 13 साल का सफर, पीएम मोदी ने गेमिंग के बहाने दिखाया बदलते भारत का पूरा हिसाब!

GTA VI के लॉन्च के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 साल के अंतराल को भारत के विकास से जोड़ते हुए 10 स्लाइड शेयर की हैं। GTA V (2013) और GTA VI (2026) के बीच की तुलना में पीएम ने अर्थव्यवस्था, गरीबी, स्वच्छता, सौर ऊर्जा, रेलवे, अंतरिक्ष स्टार्टअप्स, रक्षा निर्यात और नक्सल प्रभावित जिलों में आए बदलावों को दिखाया है। जानिए पीएम मोदी की पोस्ट में क्या-क्या बताया गया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 19 November 2026, 1:24 PM IST
google-preferred

New Delhi: दुनियाभर में जिस वीडियो गेम GTA VI के लॉन्च का गेमर्स बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, उसी गेम ने अब भारतीय राजनीति में भी चर्चा छेड़ दी है। मौका था GTA V के बाद करीब 13 साल के लंबे इंतजार के बाद GTA VI की रिलीज का। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके को भारत के विकास की कहानी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट शेयर की। इसमें उन्होंने 2013 के भारत और आज के भारत के बीच तुलना करते हुए अर्थव्यवस्था, गरीबी, स्वच्छता, सौर ऊर्जा, रेलवे, अंतरिक्ष और रक्षा क्षेत्र में हुए बदलावों को दिखाया।

पीएम मोदी ने क्यों किया इस्तेमाल?

दरअसल, Rockstar Games की लोकप्रिय वीडियो गेम सीरीज Grand Theft Auto यानी GTA का पांचवां संस्करण सितंबर 2013 में रिलीज हुआ था। अब 19 नवंबर 2026 को इसका छठा संस्करण GTA VI लॉन्च हुआ है। दोनों गेम के बीच करीब 13 साल का अंतर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी लंबे अंतराल को भारत के विकास से जोड़ दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर 'Between GTA V and VI, here's how India upgraded' शीर्षक से 10 स्लाइड शेयर कीं।

'Fragile Five' से दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था तक

पीएम मोदी की पोस्ट में सबसे पहले भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति को दिखाया गया है। इसमें 2013 के भारत को 'Fragile Five' अर्थव्यवस्थाओं में शामिल बताया गया, जबकि मौजूदा भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में पेश किया गया है। Fragile Five उन उभरती अर्थव्यवस्थाओं के समूह को कहा जाता था, जिन्हें विदेशी निवेश और आर्थिक अस्थिरता के लिहाज से जोखिम वाला माना गया था।

पीएम मोदी की गवर्नेंस की सफलता का मंत्र क्या? डॉ पीके मिश्रा ने बताए 25 सालों के नेतृत्व के बड़े सिद्धांत

गरीबी में कमी और स्वच्छता अभियान की उपलब्धि

प्रधानमंत्री की पोस्ट में गरीबी कम होने को भी बड़ी उपलब्धि के तौर पर दिखाया गया है। इसमें अत्यधिक गरीबी का आंकड़ा 27 फीसदी से घटकर 2.6 फीसदी होने का दावा किया गया है। हालांकि, इन आंकड़ों को समझते समय गरीबी की परिभाषा और आंकड़ों के आधार वर्ष को ध्यान में रखना जरूरी है। अलग-अलग गरीबी मापदंडों के आधार पर नतीजे अलग हो सकते हैं। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन का भी जिक्र किया गया है। स्लाइड में स्वच्छता कवरेज को 2013 के 39 फीसदी से बढ़ाकर 100 फीसदी बताया गया है।

सौर ऊर्जा में बड़ी छलांग

भारत में सौर ऊर्जा के विस्तार को भी प्रधानमंत्री ने अपनी पोस्ट में प्रमुखता दी है। उनके द्वारा शेयर किए गए आंकड़ों के मुताबिक, 2013 में देश की सौर ऊर्जा क्षमता 2.82 गीगावॉट थी, जो अब बढ़कर 175 गीगावॉट हो गई है। यह तुलना भारत में रिन्यूएबल एनर्जी यानी नवीकरणीय ऊर्जा के बढ़ते इस्तेमाल को दिखाने के लिए पेश की गई है।

अंतरिक्ष क्षेत्र में स्टार्टअप्स की बढ़ती ताकत

पीएम मोदी की 10 स्लाइड वाली पोस्ट में अंतरिक्ष क्षेत्र को भी जगह मिली है। इसमें बताया गया है कि 2013 के आसपास भारत में अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़ा केवल एक स्टार्टअप था, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 440 हो गई है। दरअसल, भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी कंपनियों और स्टार्टअप्स की भागीदारी बढ़ाने के लिए नीतिगत बदलाव किए गए हैं। अब निजी कंपनियों को भी स्पेस टेक्नोलॉजी, सैटेलाइट और रॉकेट निर्माण जैसे क्षेत्रों में काम करने के अवसर मिल रहे हैं।

‘महुआ मोइत्रा को शर्मिंदगी, लेकिन मुझे गर्व’, PM मोदी के वायरल QUAD वीडियो पर पूर्व कर्नल का करारा जवाब

रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन और सस्ता इंटरनेट भी चर्चा में

बुनियादी ढांचे के विकास को दिखाते हुए प्रधानमंत्री ने रेलवे विद्युतीकरण का आंकड़ा भी साझा किया। पोस्ट के मुताबिक, 2013 में रेलवे नेटवर्क का करीब 20 फीसदी हिस्सा विद्युतीकृत था, जबकि अब यह बढ़कर 99.6 फीसदी तक पहुंच गया है। इसके अलावा मोबाइल इंटरनेट की कीमतों में आई गिरावट को भी दिखाया गया है। स्लाइड में 3G के दौर में एक जीबी डेटा की कीमत 308 रुपये बताई गई है, जबकि 5G के दौर में यह घटकर 7.51 रुपये दिखाई गई है।

रक्षा निर्यात और नक्सल प्रभावित इलाकों पर भी फोकस

प्रधानमंत्री की पोस्ट में रक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों को भी शामिल किया गया है। इसमें भारत की पुरानी रक्षा आयात पर निर्भरता की तुलना मौजूदा रक्षा निर्यात से की गई है। स्लाइड के मुताबिक, भारत अब 80 से अधिक देशों को रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है। इसमें ब्रह्मोस और आकाश जैसी मिसाइल प्रणालियों का भी जिक्र किया गया है।

Location :  New Delhi

Published :  19 November 2026, 1:24 PM IST

Advertisement