Kasganj: मां बनने की चाह अधूरी रह गई, पति से आखिरी बार हुई बात, सुबह घर में मिला अंशिका का शव

सास की सेवा में जुटी रहती थी 27 वर्षीय विवाहिता, रात में पति से फोन पर हुई थी बात; सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो सब्बल से कुंडी तोड़कर देखा, फंदे पर लटका मिला शव

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 19 November 2026, 1:23 PM IST
google-preferred

Kasganj:  एक मां बनने का सपना टूटने का दर्द और अपनों से दूर रहने की कसक शायद 27 वर्षीय अंशिका के मन पर भारी पड़ती चली गई। फरवरी में मृत बच्चे को जन्म देने के बाद से वह अवसाद में रहने लगी थी। घर में पैरालाइज सास की देखभाल की जिम्मेदारी भी उसी के कंधों पर थी। बुधवार रात उसने पति से फोन पर बात कर मायके जाने की इच्छा जताई, लेकिन पति ने मना कर दिया। इसके बाद सुबह ऐसी खबर सामने आई, जिसने पूरे परिवार को झकझोर दिया। घर के कमरे में अंशिका का शव साड़ी के फंदे से पंखे पर लटका मिला।

कासगंज क्षेत्र के गांव रेखपुर का मामला

घटना कोतवाली कासगंज क्षेत्र के गांव रेखपुर की है। गुरुवार सुबह पीआरवी को गांव में एक महिला के फांसी लगाने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि अंशिका पत्नी सानू बुधवार रात करीब 9:30 बजे अपनी पैरालाइज सास नीरज को दवा खिलाने के बाद कमरे में सोने चली गई थी। इसके बाद रात करीब 9:57 बजे उसने अपनी जेठानी स्नेहलता के मोबाइल फोन से पति सानू से बातचीत की। इस दौरान अंशिका ने पति के सामने मायके जाने की इच्छा जताई, लेकिन पति ने उसे मायके जाने से मना कर दिया।

जांच करती हुई पुलिस (Img: Dynamite News)

गुरुवार सुबह काफी देर तक जब अंशिका के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। ससुर जगवीर ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी। इसी बीच रास्ते से गुजर रहे गांव के विनय कुमार को बुलाया गया। सब्बल की मदद से कमरे की कुंडी खोली गई तो अंदर का दृश्य देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। अंशिका का शव पंखे से साड़ी के फंदे के सहारे लटका हुआ था। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।

मृत बच्चे को जन्म देने के बाद से रहने लगी थी परेशान

पुलिस के मुताबिक अंशिका की शादी 24 नवंबर 2024 को सानू के साथ हुई थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी। फरवरी 2026 में अंशिका ने एक मृत बच्चे को जन्म दिया था। इसके बाद से ही वह अवसाद में रहने लगी थी। उसका पति सानू आंध्र प्रदेश में कंस्ट्रक्शन इंजीनियर के साथ काम करता है और वहीं रहता है। अंशिका गांव में अपनी पैरालाइज सास नीरज की देखभाल करती थी। घर में सास की सेवा की जिम्मेदारी भी उसी के पास थी।

मृत बच्चे को जन्म देने के बाद से रहने लगी थी परेशान

पति आंध्र प्रदेश में, परिवार के अन्य सदस्य भी रहते हैं अलग

परिवार में ससुर जगवीर, सास नीरज और तीन बेटे व एक बेटी हैं। सबसे बड़ा बेटा राहुल करीब 42 वर्ष का है, जो अपने परिवार के साथ कासगंज में रहता है। दूसरा बेटा सुमित करीब 34 वर्ष का है और नोएडा स्थित जेवर एयरपोर्ट पर नौकरी करता है। उसकी पत्नी गांव में रहती है। तीसरा बेटा सानू करीब 30 वर्ष का है, जो आंध्र प्रदेश में कार्यरत है। सबसे छोटी बेटी शिवानी विवाहित है। ससुर जगवीर बड़े बेटे के साथ रहते हैं, जबकि सास नीरज अंशिका के साथ रहती थीं।

पुलिस की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई। क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी कासगंज भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से मिलने वाली जानकारी के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Kasganj

Published :  19 November 2026, 1:23 PM IST

Advertisement