हिंदी
Azam Khan (Photo Credit: Dynamite News)
Ghaziabad: आजम खान (Azam Khan) आखिरकार एक साल जेल में बिताने के बाद बाहर आ गए हैं। दो पैन कार्ड मामले में सजा काट रहे आजम खान की रिहाई का आदेश 17 नवंबर 2026 को आया और बुधवार को वह गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा हो गए। सात साल से लगातार कानूनी मुकदमों का सामना कर रहे आजम खां के लिए यह रिहाई बड़ी राहत लेकर आई है।
आजम खां को दो पैन कार्ड मामले में 17 नवंबर 2025 को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने सजा सुनाई थी। इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था। उन्होंने इस मामले में पूरे एक साल जेल में बिताए और 17 नवंबर 2026 को उनकी रिहाई का आदेश जारी हुआ। इसके अगले दिन यानी 18 नवंबर को वह डासना जेल से बाहर आ गए।
आजम खान के खिलाफ अब तक 16 मुकदमों में फैसला आ चुका है। इनमें 8 मामलों में उन्हें बरी किया गया और जबकि 8 मुकदमों में सजा सुनाई गई है। उनके खिलाफ मुकदमों का सिलसिला साल 2019 में शुरू हुआ था। अब तक उनके खिलाफ 106 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों में आरोप पत्र दाखिल हो चुके हैं और न्यायालयों में सुनवाई चल रही है। इसी साल 13 अक्टूबर को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी अजीमनगर थाने में एक मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में अभी आजम खां का कस्टडी रिमांड नहीं बना है। लगातार कानूनी मामलों के चलते आजम खां को अलग-अलग समय पर जेल में रहना पड़ा है। उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों में कई बार अदालतों से राहत मिली, तो कई मामलों में सजा भी सुनाई गई।
सपा नेता आजम खान को मिली बड़ी राहत (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
आजम खान ने पहली बार 26 फरवरी 2020 को दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में न्यायालय के सामने आत्मसमर्पण किया था। इस दौरान उनकी पत्नी और पूर्व सांसद डॉ. तजीन फातिमा तथा बेटे अब्दुल्ला आजम ने भी सरेंडर किया था। न्यायालय के आदेश पर तीनों को जेल भेज दिया गया था।
इसके बाद सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने पर 20 मई 2022 को तीनों जेल से बाहर आए। हालांकि, दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में 18 अक्टूबर 2023 को आजम खां, उनकी पत्नी और बेटे को सात-सात साल कारावास की सजा सुनाई गई। इसके बाद तीनों को दोबारा जेल जाना पड़ा।
सजा के बाद शुरुआत में आजम खां और उनके परिवार को रामपुर जिला कारागार में रखा गया था। बाद में सुरक्षा कारणों से आजम खां को सीतापुर जेल और अब्दुल्ला आजम को हरदोई जेल में शिफ्ट कर दिया गया। आजम खां सीतापुर जेल में करीब 23 महीने रहने के बाद 23 सितंबर 2025 को जमानत पर रिहा हुए थे।
हालांकि, उनकी यह आजादी ज्यादा लंबी नहीं चली। जमानत पर बाहर आने के महज 54 दिन बाद ही उन्हें दो पैन कार्ड मामले में सजा सुनाए जाने के बाद फिर जेल जाना पड़ा। अब एक साल की सजा पूरी करने के बाद 18 नवंबर 2026 को वह डासना जेल से रिहा हो गए हैं।
Location : Ghaziabad
Published : 19 November 2026, 1:13 PM IST
Topics : Azam Khan Dasna Jail ED UP Politics