हिंदी
आजम खान (Img : pinterest)
Ghaziabad: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को आखिरकार जेल से राहत मिल गई। करीब एक साल बाद 18 नवंबर को आजम खान जेल से बाहर आ गए। इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद गाजियाबाद की सीजेएम कोर्ट ने उनकी रिहाई का परवाना जारी कर दिया। हालांकि, आजम खान की रिहाई के साथ ही सियासी और कानूनी हलचल भी तेज हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनकी अंतरिम जमानत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। इस मामले पर 19 नवंबर को सुनवाई होनी है।
आजम खान की रिहाई के लिए गाजियाबाद की सीजेएम कोर्ट ने 50-50 हजार रुपये के दो जमानती और 50 हजार रुपये का व्यक्तिगत मुचलका जमा करने की शर्त रखी थी। शहनवाज और जुनैद उनकी ओर से जमानती बने। दोनों ने 50-50 हजार रुपये की दो एफडी जमा कीं और जरूरी शपथपत्र भी दाखिल किया। आजम खान के वकीलों की ओर से सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी किए जाने के बाद रिहाई का रास्ता साफ हुआ।
कोर्ट से रिहाई का परवाना जारी होते ही आजम खान को जेल से रिहा कर दिया गया। बाहर आते ही वह रामपुर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उनके छोटे बेटे अब्दुल्ला आजम भी उनसे मिलने डासना जेल पहुंचे थे। लंबे समय बाद आजम खान की जेल से रिहाई को समाजवादी पार्टी के लिए भी एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
आजम खान की रिहाई के बीच ED ने धनशोधन के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे दी है। एजेंसी ने विशेष अनुमति याचिका (SLP) दाखिल कर हाईकोर्ट के अंतरिम जमानत आदेश पर सवाल उठाए हैं।
मामले को चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची तथा जस्टिस वी. मोहना की पीठ के सामने तत्काल सुनवाई के लिए रखा गया। ED की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एस.वी. राजू ने जल्द सुनवाई की मांग करते हुए यथास्थिति बनाए रखने का अनुरोध किया। पीठ ने तत्काल हस्तक्षेप की मांग पर टिप्पणी करते हुए कहा, 'कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा। उन्हें अंतरिम जमानत पर रहने दीजिए।'
ED के सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी ने सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में कहा है कि उसे अपना पूरा जवाब दाखिल करने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला। वहीं, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को आजम खान को अंतरिम जमानत देते हुए कहा था कि ED ने हिरासत में लेते समय उन्हें गिरफ्तारी के लिखित आधार उपलब्ध नहीं कराए थे।
Location : Ghaziabad
Published : 18 November 2026, 6:32 PM IST