खून के रिश्तों में सेंध और 29 लाख की चपत, नौसेना से रिटायर दादा के बैंक खाते से पोते ने ही क्यों उड़ाई रकम?

दिल्ली में 87 वर्षीय सेवानिवृत्त नौसेना कर्मी के बैंक खाते से 29,50,892 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि उनके पोते अभिषेक राघव ने दोस्त तुषार चौधरी के साथ मिलकर अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच रकम निकाली। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पोलो कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 18 November 2026, 6:28 PM IST
google-preferred

New Delhi: दिल्ली के पूर्वी जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां एक 22 वर्षीय युवक पर अपने ही 87 वर्षीय दादा के बैंक खाते से दोस्त के साथ मिलकर 29.50 लाख रुपये निकालने का आरोप है। बुजुर्ग भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपित पोते ने दादा के बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच इस वारदात को अंजाम दिया। पूर्वी जिला साइबर थाना पुलिस ने पोते और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है।

दादा के खाते से 29.50 लाख रुपये की निकासी

पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि अश्वनी राघव की शिकायत पर साइबर थाना पूर्वी जिले में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके 87 वर्षीय पिता जगदीश सिंह के बैंक खाते से अप्रैल से अक्टूबर के बीच संदिग्ध तरीके से रकम निकाली गई। जांच के दौरान कुल 29,50,892 रुपये की ठगी का पता चला।

मामले की जांच इंस्पेक्टर पवन यादव, एसएचओ साइबर थाना पूर्वी के नेतृत्व में गठित टीम ने की। टीम में एएसआई शिव कुमार, हेड कांस्टेबल अनुराग और योगेश शामिल थे। पुलिस ने बैंक खातों, केवाईसी दस्तावेजों और लेनदेन से जुड़ी जानकारी की जांच की। इस दौरान पता चला कि ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गई थी।

ये भी पढ़े: Weather Update: 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में घना कोहरा; 100 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

दो बैंक खातों में भेजी गई ठगी की रकम

पुलिस जांच में सामने आया कि 9,26,892 रुपये अभिषेक राघव के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते में भेजे गए थे, जबकि 20,24,000 रुपये तुषार चौधरी के पंजाब नेशनल बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। इन बैंक खातों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने बुलंदशहर में दबिश देकर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पता चला कि 22 वर्षीय अभिषेक राघव शिकायतकर्ता अश्वनी राघव का बेटा और बुजुर्ग जगदीश सिंह का पोता है। वह खुर्जा से बीए-एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। वहीं, दूसरा आरोपित 22 वर्षीय तुषार चौधरी खुर्जा से नर्सिंग का कोर्स कर रहा है। पुलिस के मुताबिक, अभिषेक ने अपने दोस्त तुषार के साथ मिलकर कथित तौर पर ठगी की साजिश रची थी।

ये भी पढ़े: Gold Rate Today: सोना खरीदने वालों की बल्ले-बल्ले, दिल्ली से पटना तक गिरा गोल्ड, जानें 24, 22 और 18 कैरेट के भाव

ठगी के पैसों से खरीदी कार

पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने ठगी से मिली रकम का इस्तेमाल यात्राओं, पार्टियों और दूसरी मौज-मस्ती पर किया। दोनों ने मनाली, नैनीताल और ओडिशा की यात्राएं कीं। इसके अलावा नोएडा में दोस्तों के साथ पार्टियां भी कीं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपितों ने ठगी की रकम से 2.75 लाख रुपये में एक पोलो कार खरीदी थी। इसके बाद कार में 1.25 लाख रुपये का म्यूजिक सिस्टम भी लगवाया गया। पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदी गई पोलो कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। अब पुलिस ठगी की बची हुई रकम का पता लगाने और इस मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है। इसके लिए छापेमारी भी की जा रही है।

Location :  New Delhi

Published :  18 November 2026, 6:28 PM IST

Advertisement