हिंदी
जवान के निधन से गमगीन हुआ फर्रुखाबाद
Farrukhabad: जनपद के थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम देवरन गढ़िया निवासी भारतीय सेना के जवान नायक (NK/MT) विश्वनाथ पाल (5682 ASC BN/MT) के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते दिन सेना के जवान विश्वनाथ पाल सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे, जिसमें उनका आकस्मिक निधन हो गया। निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया।
इसके बाद सेना के जवान का पार्थिव शरीर सजे हुए सैन्य वाहन से उनके पैतृक गांव देवरन गढ़िया पहुंचा। पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्र के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
वीर सपूत के अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब
इस दौरान सेना के जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ सलामी देकर अपने साथी जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं क्षेत्र के गणमान्य एवं सम्मानित लोगों ने भी नम आंखों से वीर जवान को अंतिम विदाई दी।
इस दुखद मौके पर वरिष्ठ समाजवादी नेता डॉ. जेपी सिंह वर्मा लोधी भी गांव पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
देश की सेवा में समर्पित जवान के असमय निधन से ग्राम देवरन गढ़िया सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर है।
Location : Farrukhabad
Published : 18 November 2026, 6:14 PM IST
Topics : army soldier funeral Farrukhabad Indian Army soldier military honours soldier last farewell