हिंदी
मनल चौहान (Img : Dynamite News)
मैनपुरी: जिले की मिट्टी के लाल मनल चौहान ने अंडर-19 एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। भारतीय टीम की इस गौरवशाली जीत के बाद बुधवार को जब मनल अपने गृह जनपद पहुंचे, तो उनके स्वागत में पूरा शहर उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों, फूलों की बारिश और जोरदार नारों के बीच निकले भव्य रोड शो में लोगों ने अपने इस होनहार खिलाड़ी का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
मूल रूप से मैनपुरी के ग्राम नगला जुला निवासी मनल चौहान ने अंडर-19 एशिया कप में अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल देश, बल्कि पूरे जनपद का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि को लेकर जिलेभर में उत्साह का माहौल है। बुधवार को आगरा रोड स्थित प्राचीन ब्रह्मदेव मंदिर से मनल चौहान के रोड शो का विधिवत शुभारंभ हुआ। फूलों से सजी खुली गाड़ी में सवार मनल का शहरवासियों ने जगह-जगह फूल-मालाओं, पुष्पवर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया।
रोड शो के दौरान युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों में मनल चौहान की एक झलक पाने, उनसे हाथ मिलाने और सेल्फी लेने के लिए खासा उत्साह दिखाई दिया। पूरे रास्ते लोगों ने 'भारत माता की जय' और 'मनल चौहान जिंदाबाद' के नारों से माहौल को देशभक्ति और खेल भावना से सराबोर कर दिया। शहर के मुख्य मार्गों और प्रमुख चौराहों से गुजरता हुआ काफिला जब उनके पैतृक गांव नगला जुला पहुंचा, तो वहां ग्रामीणों और परिजनों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। गांव में आतिशबाजी की गई और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया गया।
भव्य स्वागत
मनल चौहान की इस उपलब्धि ने मैनपुरी के उभरते युवा खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया है। स्थानीय खेल प्रेमियों और वरिष्ठ नागरिकों का कहना है कि मनल ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल कर साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। उनकी यह सफलता जिले की आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
Location : Mainpuri
Published : 18 November 2026, 4:49 PM IST