महराजगंज: मोगलहा शरीफ में 18 नवंबर से सजेगी हरियरा बाबा के उर्स की रूहानी महफिल

महराजगंज के मोगलहा शरीफ में 18 और 19 नवंबर को हजरत हरियरा बाबा का 43वां सालाना उर्स अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जाएगा। दो दिवसीय उर्स में कुरानख्वानी, चादरपोशी, गुलपोशी, जश्न-ए-चिरागां और महफिले समां समेत कई धार्मिक कार्यक्रम होंगे।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 18 November 2026, 4:28 PM IST
google-preferred

महराजगंज: सूफी संत हजरत हरियरा बाबा के नाम से मशहूर दरगाह पर 43वें सालाना उर्स की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पीरे तरीकत हजरत बहारुल्लाह शाह अलमारूफ शेर-ए-शाह सफवी चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह का सालाना उर्स 18 और 19 नवंबर को पूरी अकीदत, एहतराम और रूहानी माहौल में मनाया जाएगा। उर्स के मुबारक मौके पर दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में जायरीनों और अकीदतमंदों के पहुंचने की उम्मीद है।

महफिले समां की रूहानी महफिल

उर्स के पहले दिन 18 नवंबर, बुधवार को नमाज-ए-फज्र के बाद कुरानख्वानी का आयोजन होगा। इसके बाद दिनभर दरगाह पर चादरपोशी और गुलपोशी का सिलसिला जारी रहेगा। मगरिब की नमाज से पहले जश्न-ए-चिरागां होगा। नमाज-ए-ईशा के बाद गागर शरीफ और महफिले समां का आयोजन किया जाएगा।

उर्स के दूसरे दिन 19 नवंबर, गुरुवार को नमाज-ए-फज्र के बाद कुरानख्वानी, चादरपोशी और गुलपोशी की रस्म अदा की जाएगी। नमाज-ए-जुहर के बाद महफिले समां सजेगी। वहीं, शाम चार बजे कुल शरीफ की रस्म के साथ दो दिवसीय उर्स का समापन होगा। इस दौरान मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे के लिए विशेष दुआएं भी की जाएंगी।

महराजगंज में एक SMS ने खोल दी उद्यान विभाग की पोल? किसान के खेत में उपकरण नहीं, फिर कैसे हुआ भुगतान?

जायरीनों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद

उर्स में उमड़ने वाली जायरीनों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 70 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसमें पांच थानों की पुलिस फोर्स के साथ एक प्लाटून पीएसी भी शामिल रहेगी। इसके अलावा 20 से अधिक दरोगाओं की अलग-अलग थानों से ड्यूटी लगाई गई है। महिला जायरीनों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।

जायरीनों से उर्स में शिरकत करने की अपील

उर्स के आयोजकों ने तमाम जायरीनों, अकीदतमंदों और क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उर्स की रूहानी महफिलों में शिरकत करें। साथ ही लंगर व्यवस्था में सहयोग कर मुबारक आयोजन को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Location :  Maharajganj

Published :  18 November 2026, 4:28 PM IST

Advertisement