महराजगंज कलेक्ट्रेट में डीएम के औचक निरीक्षण से हड़कंप: DFMO, DMO सहित कई अधिकारी गायब मिले

महराजगंज कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण ने सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति व्यवस्था की पोल खोल दी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी, खनन अधिकारी अजीत कुमार समेत डूडा और कलेक्ट्रेट के कई अधिकारी-कर्मचारी अपने कार्यालयों से नदारद मिले। निरीक्षण में एक साथ दर्जनभर लोगों की अनुपस्थिति सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने कार्रवाई के आदेश दिए हैं। प्रशासनिक महकमे में मचा हड़कंप।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 17 November 2026, 4:11 PM IST
google-preferred

Maharajganj: सरकारी कार्यालयों में समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने और लापरवाही पर लगाम लगाने के लिए जिलाधिकारी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक-दो नहीं, बल्कि दर्जनभर अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्यालयों से गायब मिले। अनुपस्थित पाए गए लोगों में जिला खाद्य विपणन अधिकारी से लेकर खनन अधिकारी और कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ सहायक तक शामिल हैं। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी. एन. के कार्रवाई के आदेश के बाद कलेक्ट्रेट सहित संबंधित विभागों में हड़कंप मचा हुआ है।

इन प्रमुख अधिकारियों की अनुपस्थिति आई सामने

औचक निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी अपने कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। इसी तरह खनन अधिकारी अजीत कुमार भी अनुपस्थित पाए गए। डूडा कार्यालय के सीएलटीसी कृष्णमुनि और जनार्दन गुप्ता भी निरीक्षण के दौरान अपने कार्यालयों में नहीं मिले। इसके अलावा सहायक सांख्यिकी अधिकारी भूपेन्द्र कुमार गुप्ता, कलेक्ट्रेट के प्रधान सहायक तथा वरिष्ठ सहायक राजा राम चौधरी, मनोज धर दूबे और घनश्याम वर्मा की अनुपस्थिति भी निरीक्षण में सामने आई।

महराजगंज में तहसीलदारों की ट्रांसफर, सदर-निचलौल समेत तीन तहसीलदार बाहर, तीन नए अधिकारियों की जिले में एंट्री

भू-लेख कार्यालय के कर्मचारी भी मिले नदारद

निरीक्षण के दौरान भू-लेख कार्यालय की भी स्थिति सामने आई। यहां लेखपाल राम अशीष और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हेमन्ती देवी अपने कार्यालय में मौजूद नहीं मिलीं। इस तरह अलग-अलग विभागों के कुल दर्जनभर अधिकारी-कर्मचारियों की गैरमौजूदगी ने कार्यालयों में उपस्थिति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।

डीएम के आदेश से विभागों में मचा हड़कंप

जिलाधिकारी ने औचक निरीक्षण में सामने आई अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। अब अनुपस्थित मिले अधिकारी-कर्मचारियों से स्पष्टीकरण और आगे होने वाली प्रशासनिक कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं।

विधानसभा चुनाव से पहले महराजगंज में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, चार BDO का तबादला; जानें किस अधिकारी को कहां मिली नई तैनाती

सरकारी कार्यालयों में आम जनता अपने कामकाज के लिए पहुंचती है। ऐसे में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की गैरमौजूदगी से जनता को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जिलाधिकारी के इस औचक निरीक्षण ने साफ संकेत दिया है कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता और लापरवाही को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है।

Location :  Maharajganj

Published :  17 November 2026, 4:11 PM IST

Advertisement