सुलतानपुर में बसपा को बड़ा झटका! पूर्व लोकसभा प्रत्याशी उदराज वर्मा ने पार्टी से दिया इस्तीफा

सुलतानपुर से बसपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी उदराज वर्मा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी संगठनात्मक पदों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया। निजी कारणों को बताया वजह।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 17 November 2026, 4:04 PM IST
google-preferred

Sultanpur: बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं सुलतानपुर से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी उदराज वर्मा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता एवं सभी संगठनात्मक दायित्वों से तत्काल प्रभाव से त्यागपत्र देने की घोषणा की है। उन्होंने 17 नवंबर 2026 को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष/प्रदेश अध्यक्ष को संबोधित त्यागपत्र भेजा है ।

प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी सूचना

उदराज वर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि मैंने, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्राथमिक सदस्यता तथा संगठन के सभी पदों और जिम्मेदारियों से तत्काल प्रभाव से खुद को अलग करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में मैंने अपना आधिकारिक त्यागपत्र पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष को भेज दिया है।

त्यागपत्र में उदराज वर्मा ने कहा कि वह लंबे समय से बहुजन समाज पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन से जुड़े रहे हैं। पार्टी ने उन्हें सुल्तानपुर से लोकसभा प्रत्याशी, अयोध्या मंडल प्रभारी, सुल्तानपुर जिला प्रभारी, सदर जयसिंहपुर विधानसभा प्रभारी तथा जिला पंचायत सदस्य के रूप में जनता और संगठन की सेवा करने का अवसर दिया।

ये भी पढ़ें: ‘जज के सामने सबको सिर झुकाना पड़ता है’, सुप्रीम कोर्ट में पेशी से पहले संजय राउत का बड़ा बयान

पार्टी से मिले अनुभव और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया

उन्होंने पत्र में पार्टी नेतृत्व से मिले अनुभव, मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में निजी कारणों के चलते वह पार्टी की गतिविधियों और संगठनात्मक दायित्वों को समय नहीं दे पाने में असमर्थ हैं।

उदराज वर्मा ने कहा कि काफी विचार-विमर्श के बाद वह भारी मन से बसपा की प्राथमिक सदस्यता तथा पार्टी के अन्य सभी संगठनात्मक दायित्वों से तत्काल प्रभाव से अपना त्यागपत्र दे रहे हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध किया है।

अपने त्यागपत्र के अंत में उन्होंने पार्टी और सभी साथियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनके इस्तीफे की खबर से सुल्तानपुर की राजनीतिक गतिविधियों में चर्चा तेज हो गई है।

Location :  Sultanpur

Published :  17 November 2026, 4:03 PM IST

Advertisement