‘जज के सामने सबको सिर झुकाना पड़ता है’, सुप्रीम कोर्ट में पेशी से पहले संजय राउत का बड़ा बयान

संजय राउत 17 नवंबर को सीजेआई सूर्यकांत पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में सुप्रीम कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश हुए। पेशी से पहले उन्होंने अदालत के सम्मान और चुनाव आयोग को लेकर बड़ा बयान दिया।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 17 November 2026, 3:51 PM IST
google-preferred

New Delhi: सुप्रीम कोर्ट में आपराधिक अवमानना मामले में व्यक्तिगत रूप से पेश होने से पहले शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अदालत का आदेश है और सभी को जज के सामने सिर झुकाना पड़ता है। इस दौरान उन्होंने शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे का भी जिक्र करते हुए कहा कि बालासाहेब की जयंती होने के बावजूद वह सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करने दिल्ली पहुंचे हैं।

दरअसल, भारत के सीजेआई सूर्यकांत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में संजय राउत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अवमानना की कार्यवाही चल रही है। अदालत ने 28 अक्टूबर 2026 को उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया था। इसी आदेश के तहत 17 नवंबर को उन्हें सुप्रीम कोर्ट में फिजिकल अपीयरेंस देनी है।

'माय लॉर्ड के सामने सबको सिर झुकाना पड़ता है'

सुप्रीम कोर्ट पहुंचने से पहले संजय राउत ने कहा कि वह अदालत के आदेश का सम्मान करते हैं और पेश होने के लिए दिल्ली आए हैं। उन्होंने कहा, "सुप्रीम कोर्ट का आदेश है। सबको सिर झुकाना पड़ता है माय लॉर्ड के सामने। हम जाएंगे, अगर उनका फिजिकल अपीयरेंस का बुलावा आया है, समन आया है। आज बालासाहेब ठाकरे का स्मृति दिन है, जयंती है, फिर भी हम यहां आए हैं।"

ये भी पढ़ें: UP Assembly Election 2027: दिसंबर से चुनावी मैदान में उतरेंगे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, सीटों के बंटवारे पर बढ़ी हलचल

न्यायालय को हमारी बात भी समझनी चाहिए: संजय राउत

संजय राउत ने कहा कि वह न्यायालय का सम्मान करते हैं, लेकिन देश में न्याय, संविधान और कानून की स्थिति को लेकर उनकी नाराजगी भी है। उन्होंने कहा कि जब उनकी बात नहीं सुनी जाती तो उनका आक्रोश सामने आता है। न्यायालय को भी उनकी बात समझनी चाहिए।

उन्होंने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए। राउत ने कहा कि चुनाव आयोग पार्टी तोड़ने में मदद कर रहा है, चुनाव खरीदे जा रहे हैं, मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं और उनकी पार्टी का चुनाव चिह्न बेचा जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि जब उन्हें न्याय नहीं मिलेगा तो वे कहां जाएंगे?

राउत ने आगे कहा कि न्याय की मांग सुप्रीम कोर्ट से ही की जाएगी। अगर वहां भी न्याय नहीं मिलता है तो आक्रोश जाहिर करना उनका अधिकार है।

ये भी पढ़ें: JNU की पहली महिला VC शांतिश्री धुलिपुडी पंडित होंगी रिटायर, नए कुलपति के लिए आवेदन शुरू

संजय राउत के साथ निखिल वागले पर भी अवमानना का मामला

संजय राउत के अलावा वरिष्ठ पत्रकार निखिल वागले के खिलाफ भी सीजेआई सूर्यकांत पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में आपराधिक अवमानना की याचिका दायर की गई है। यह याचिका सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से दाखिल की गई है, जिसे अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी की सहमति प्राप्त है।

पिछली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने निखिल वागले को वर्चुअली पेश होने की अनुमति दी थी, जबकि संजय राउत को 17 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया था। आरोप है कि दोनों ने सीजेआई सूर्यकांत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। बाद में संबंधित विवादित पोस्ट हटा दिए गए थे। पिछली सुनवाई में संजय राउत की ओर से कोई वकील भी अदालत में उपस्थित नहीं हुआ था।

Location :  New Delhi

Published :  17 November 2026, 3:51 PM IST

Related News

Advertisement