हिंदी
दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत(Img: Dynamite news)
Hathras: उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं, मंगलवार देर रात हुई एक और घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन ली। हाथरस में शादी समारोह में शामिल होने की खुशियां लेकर घर से निकले दो चचेरे भाइयों की जिंदगी आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में खत्म हो गई।
सादाबाद क्षेत्र में मंगलवार देर रात सीएनजी पंप के सामने पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सादाबाद में मौत हो गई, जबकि दूसरे ने आगरा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और मोहल्ले में शोक छा गया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली सदर क्षेत्र के नाई का नगला निवासी आशु (22) पुत्र संजय और उसका चचेरा भाई सलीम (23) पुत्र वाहिद मंगलवार रात करीब 11 बजे बाइक से आगरा के लिए निकले थे। दोनों को वहां एक शादी समारोह में शामिल होना था। बताया गया है कि सादाबाद क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर सीएनजी पंप के सामने पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया(Img: Dynamite news)
हादसे के बाद राहगीरों की मदद से पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी सादाबाद पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने आशु को मृत घोषित कर दिया। सलीम की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर आगरा पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दोनों युवकों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
ये भी पढ़ें: मैनपुरी में संत रामपाल के खिलाफ लामबंद हुआ संगठन, पुस्तकों और सोशल मीडिया कंटेंट की जांच की मांग
बताया गया है कि आशु और सलीम दोनों हैंडीक्राफ्ट कारीगर थे। आशु अविवाहित था, जबकि सलीम की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। उसकी अभी कोई संतान नहीं थी। एक ही परिवार के दो युवकों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकले दोनों चचेरे भाइयों की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन चालक की पहचान और तलाश के संबंध में पुलिस की कार्रवाई की जानकारी जुटाई जा रही है।
Location : hathras
Published : 18 November 2026, 3:44 PM IST