हिंदी
सीताकुंड घाट की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा(img: dynamite news)
Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सोमवार सुबह सीताकुंड घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने देर रात से ही सीताकुंड घाट पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की और प्रातःकालीन अर्घ्य एवं पूजा-अर्चना को सकुशल संपन्न कराया।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने पीएसी फ्लड कंपनी के जवानों के साथ इन्फ्लेटेबल बोट के जरिए गोमती नदी में भ्रमण कर घाट और नदी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने घाट पर तैनात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी परखी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, सुगम आवागमन तथा यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने भी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह, उप जिलाधिकारी सदर गरिमा सोनकिया, क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की सतत निगरानी तथा पुलिस बल की मुस्तैदी के बीच श्रद्धालुओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इस दौरान छठ महापर्व का आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।
Location : sultanpur
Published : 16 November 2026, 4:04 PM IST
Topics : Chhat Puja UP News UP Police