Sultanpur: 250 करोड़ से बनेंगे नए पुरुष-महिला अस्पताल, डॉक्टरों और कर्मचारियों को भी मिलेंगे आवास

Sultanpur: जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है। मेडिकल कॉलेज में जिला अस्पताल के विलय के करीब तीन वर्ष बाद अब जिले में अलग से जिला पुरुष एवं महिला अस्पताल स्थापित करने की कवायद शुरू हो गई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 16 November 2026, 3:38 PM IST
google-preferred

Sultanpur: जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है। मेडिकल कॉलेज में जिला अस्पताल के विलय के करीब तीन वर्ष बाद अब जिले में अलग से जिला पुरुष एवं महिला अस्पताल स्थापित करने की कवायद शुरू हो गई है। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर अमहट स्थित ट्रामा सेंटर के पीछे खाली पड़ी भूमि पर नए जिला अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 250 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अस्पताल अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस होगा। यहां प्रांतीय चिकित्सा सेवा संवर्ग के चिकित्सक और विशेषज्ञ मरीजों का उपचार करेंगे। साथ ही चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।

दरअसल, जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना के बाद एक अप्रैल 2023 को जिला पुरुष चिकित्सालय और महिला अस्पताल का स्वतंत्र अस्तित्व समाप्त हो गया था। दोनों अस्पतालों का मेडिकल कॉलेज में विलय कर दिया गया। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से रेफर होने वाले मरीजों को मेडिकल कॉलेज भेजा जाने लगा। जिला अस्पताल में पहले मिलने वाली कई सुविधाएं अब मरीजों को पहले जैसी उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। हालांकि औपचारिक संचालन के लिए प्रांतीय चिकित्सा सेवा संवर्ग के लेवल-चार श्रेणी के दो चिकित्सकों को सीएमएस की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिलाधिकारी की संस्तुति पर शासन को भेजा प्रस्ताव

नए जिला अस्पताल के निर्माण की पहल चिकित्सा विभाग के जिला नोडल अधिकारी एवं सीएमओ डॉ. भारत भूषण के प्रस्ताव पर की गई है। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने परियोजना के निर्माण की संस्तुति करते हुए प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। सीएमओ कार्यालय की ओर से जिला प्रशासन के माध्यम से शासन को प्रस्ताव प्रेषित किया जा चुका है। अब परियोजना को शुरू कराने के लिए शासन की स्वीकृति और बजट संबंधी आदेश का इंतजार है।

भूमि की उपलब्धता बनी थी चुनौती

नए अस्पताल के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराना भी चुनौती रहा। बसपा सरकार के कार्यकाल में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के नाम आरक्षित भूमि पर कांशीराम आवासों का निर्माण करा दिया गया था। इसके चलते अस्पताल के लिए अलग जमीन की जरूरत पड़ी। वहीं मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए जिला प्रशासन को दूबेपुर कृषि फार्महाउस की भूमि उपलब्ध करानी पड़ी थी। अब अमहट ट्रामा सेंटर के पीछे खाली पड़ी जमीन को नए जिला अस्पताल के लिए चिह्नित किया गया है।

तीन साल बाद फिर जगी उम्मीद

जिला अस्पताल का अस्तित्व समाप्त होने के बाद जिले के किसी भी जनप्रतिनिधि ने इसके पुनर्स्थापन की मांग प्रमुखता से नहीं उठाई थी। जबकि विधानसभा क्षेत्रों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से गंभीर मरीज जिला अस्पताल रेफर किए जाते थे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए भेजा जाता था। अब करीब तीन साल बाद नए जिला पुरुष एवं महिला अस्पताल की स्थापना की पहल से जिलेवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है।

डॉ. जेसी सरोज, एसीएमओ, सुलतानपुर ने बताया कि अमहट ट्रामा सेंटर के पीछे खाली पड़ी भूमि पर नए जिला अस्पताल का निर्माण प्रस्तावित है। सीएमओ कार्यालय की ओर से जिला प्रशासन के माध्यम से शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। परियोजना शुरू कराने के लिए शासन की स्वीकृति और आदेश का इंतजार है।

Location :  Sultanpur

Published :  16 November 2026, 3:38 PM IST

Advertisement