आगरा में दर्दनाक हादसा, 15 फीट गहरे नाले में डूबकर 5 साल की परी की मौत, परिवार में कोहराम

आगरा के फतेहाबाद स्थित बिलईपुरा गांव में 15 फीट गहरे पानी से भरे नाले में डूबकर पांच साल की परी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने नाले को सुरक्षित कराने की मांग की।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 19 November 2026, 1:19 PM IST
google-preferred

Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। फतेहाबाद क्षेत्र के बिलईपुरा गांव में पानी से भरे गहरे नाले में डूबकर पांच साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। मृतक बच्ची की पहचान परी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्ची खेतों की तरफ गई थी, इसी दौरान वह करीब 15 फीट गहरे पानी से भरे नाले में गिर गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, मासूम की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने नाले के पास पहुंचकर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की।

खेतों की तरफ गई थी मासूम परी

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र स्थित बिलईपुरा गांव में हुआ। पांच वर्षीय परी कुछ अन्य बच्चियों के साथ खेतों की तरफ गई थी। इसी दौरान वह अचानक पानी से भरे करीब 15 फीट गहरे नाले में गिर गई। बच्ची के नाले में गिरने की जानकारी साथ गई अन्य बच्चियों को हुई तो वे घबराकर गांव पहुंचीं और परिजनों को घटना की सूचना दी।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

बच्ची के नाले में गिरने की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में मासूम को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नाले के पास शव लेकर पहुंचे परिजन, जताया आक्रोश

मासूम की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। परिजन बच्ची का शव लेकर नाले के पास पहुंच गए और नाले को खुलवाने के साथ-साथ वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग करने लगे।

ग्रामीणों का कहना है कि खुले और पानी से भरे गहरे नाले की वजह से इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से नाले को सुरक्षित कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।

सुरक्षा इंतजामों को लेकर उठे सवाल

पांच साल की मासूम परी की मौत ने इलाके में शोक के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों और ग्रामीणों की मांग है कि नाले को ढकने या उसके आसपास मजबूत सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी दूसरे परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।

Location :  Agra

Published :  19 November 2026, 1:19 PM IST

Advertisement