हिंदी
80 KM की रफ्तार से टकराया साइक्लोन अकवान (Image: X)
Cyclone Akvan: समुद्र में उठे चक्रवाती तूफान ने ओडिशा के तटीय इलाकों में दस्तक दे दी है। शुक्रवार की सुबह साइक्लोन अकवान ने गोपालपुर के आसपास लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू कर दी। तूफान के तट के करीब पहुंचते ही प्रशासन ने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए अब तक करीब 3.72 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
राहत और बचाव कार्यों के लिए 418 टीमें तैनात की गई हैं। हालांकि, तूफान गंभीर चक्रवाती श्रेणी से कमजोर होकर सामान्य चक्रवाती तूफान बन गया है, लेकिन भारी बारिश, तेज हवाओं और तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा अभी भी बना हुआ है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अपडेट के मुताबिक, तूफान का केंद्र अपडेट जारी होने के समय समुद्र में था और करीब 21 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ओडिशा तट की ओर बढ़ रहा था। उस समय यह गोपालपुर से लगभग 60 किलोमीटर, पुरी से 160 किलोमीटर और कलिंगपट्टनम से करीब 160 किलोमीटर दूर था।
लैंडफॉल की प्रक्रिया पूरी होने में छह से आठ घंटे लगने का अनुमान जताया गया था। इस दौरान हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और झोंके 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका थी। जमीन से टकराने के बाद तूफान के और कमजोर होने का अनुमान है।
राहत और बचाव के लिए कई टीमे तैनात (Image: Pinterest)
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, ऊपरी वायुमंडल में हवा का कतरन, अपेक्षाकृत ठंडा समुद्री पानी और तूफान के ट्रैक में बदलाव इसकी तीव्रता कम होने की प्रमुख वजहें हैं। हालांकि, कमजोर पड़ने के बावजूद यह भारी बारिश और तेज हवाओं के जरिए नुकसान पहुंचा सकता है।
अकवान का असर ओडिशा के दक्षिणी और तटीय जिलों में दिखने लगा है। गंजम जिले के पत्रपुर में करीब 200 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि हिंजिली में भी भारी वर्षा हुई है। इसके अलावा पारादीप में 84 मिलीमीटर और पुरी में 73 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। गंजम, कोरापुट और मालकानगिरि समेत दक्षिणी और तटीय जिलों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। पारादीप के लिए पीली चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन को जलभराव, अचानक बाढ़ और तेज हवाओं से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।
ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग के मुताबिक, तूफान से प्रभावित होने की आशंका वाले संवेदनशील और निचले इलाकों से करीब 3.72 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इनमें से लगभग 10 हजार लोगों को चक्रवात आश्रय स्थलों और दूसरी सुरक्षित जगहों पर ठहराया गया है।
प्रशासन ने गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए हैं। अब तक 4,470 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। इनमें से 1,450 महिलाओं का प्रसव भी हो चुका है। सरकार के मुताबिक, सभी माताएं और नवजात सुरक्षित हैं।
शुरुआती चरण में 20 जिलों से करीब तीन लाख लोगों को निकाला गया था, लेकिन अब यह आंकड़ा बढ़कर 3.72 लाख हो गया है। राहत और बचाव कार्यों को तेज करने के लिए 418 टीमें मैदान में तैनात हैं। अचानक बाढ़ की आशंका को देखते हुए सात नदियों के जलस्तर पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इसके अलावा 9 जिलों में तैयारियों और राहत कार्यों की निगरानी के लिए आठ आईएएस अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। जिला कलेक्टरों और वरिष्ठ अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल राज्य सरकार और आपातकालीन एजेंसियां पूरे हालात पर नजर बनाए हुए हैं। आने वाले घंटे ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।
Location : Odisha
Published : 20 November 2026, 12:01 PM IST