हिंदी
दर्दनाक सड़क हादसा (Image Source: Dynamite News)
Pratapgarh: प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के मीरापुर चौराहे पर गुरुवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों युवक उदयपुर थाना क्षेत्र के पूरे चैन खानीपुर गांव के निवासी थे और भक्ति धाम मनगढ़ दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, चारों युवक गुरुवार दोपहर मनगढ़ धाम के लिए निकले थे। मीरापुर चौराहे के पास उनकी बाइक आगे चल रही टेंट का सामान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई। उसमें लदे लोहे के पाइप और एंगल चारों युवकों के ऊपर गिर गए। इस हादसे में चारों युवक लोहे के सामान के नीचे दब गए।
हादसे में पूरे चैन खानीपुर गांव निवासी 23 वर्षीय शैलेंद्र सरोज पुत्र संतलाल और 21 वर्षीय आकाश सरोज पुत्र वीरेंद्र सरोज की मौत हो गई। वहीं, इसी गांव के 22 वर्षीय अमरेश सरोज और 24 वर्षीय आकाश सरोज घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस (Image Source: Dynamite News)
बरेली में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान तेज, बूथ स्तर पर हर वोट के सत्यापन का मिला लक्ष्य
दो युवकों की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे ने दो परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची संग्रामगढ़ पुलिस ने राहत और बचाव का काम शुरू कराया।
हादसे में जान गंवाने वाला शैलेंद्र सरोज दो भाइयों में बड़ा था। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। बीते 13 नवंबर को ही उसका बरीक्षा कार्यक्रम संपन्न हुआ था। परिवार में शादी को लेकर तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
दो युवकों की मौत से गांव में पसरा सन्नाटा (Image Source: Dynamite News)
प्रयागराज में महिला आयोग की बड़ी कार्रवाई, POCSO और अपहरण के मामले में FIR के निर्देश
वहीं, मृतक आकाश सरोज भी मजदूरी करके अपने परिवार का सहारा बना हुआ था। दोनों युवकों की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
उधर, हादसे की सूचना मिलने पर संग्रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से सड़क पर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसमें लदे सामान को हटवाया, जिसके बाद यातायात बहाल कराया गया। संग्रामगढ़ थाना प्रभारी सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Pratapgarh
Published : 19 November 2026, 11:25 PM IST