हिंदी
धीरेंद्र शास्त्री ने बेंती से किया बड़ा ऐलान (Image Source: Dynamite News)
Pratapgarh: प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती के परेड ग्राउंड में चल रही श्रीराम कथा के तीसरे दिन गुरुवार को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने देशभर में बागेश्वर सेवा मंडल के गठन का संकल्प दोहराया। उन्होंने घोषणा की कि अगले छह वर्षों में देश के हर जिले में कथा आयोजित की जाएगी। इसके लिए देश के 600 जिलों में बागेश्वर सेवा मंडल गठित करने और प्रत्येक जिले में 11 हजार बागेश्वर सेवादार तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
व्यास पीठ से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि उनकी कथा भगवान राम और राष्ट्र को समर्पित है। इसका मुख्य उद्देश्य हिंदुत्व और देशहित में काम करना है। उन्होंने कहा कि दुनिया में एक ऐसा देश होना चाहिए, जहां विश्वभर में प्रताड़ित हिंदुओं को आश्रय मिल सके। कथा के दौरान उन्होंने राष्ट्रवाद और सनातन धर्म के संगठन पर जोर देते हुए लोगों से एकजुट होने का आह्वान किया।
पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बागेश्वर सेवादारों के दायित्वों को समझाते हुए समाज को संगठित करने की बात कही। उन्होंने आह्वान किया कि हर घर में गाय हो, दरवाजे पर भगवा ध्वज लगाया जाए और मंदिर में नियमित रूप से पूजा-पाठ किया जाए। समाज को एकजुट रखने के लिए हर महीने बैठकें आयोजित करने पर भी जोर दिया।
मैनपुरी में रामगोपाल यादव का BJP पर हमला, बोले- पंचायत चुनाव कराने से डर रही योगी सरकार
उन्होंने सनातनियों से खंडन के बजाय 'मंडन' यानी सकारात्मक विचार और आचरण पर ध्यान देने की अपील की। साथ ही गाय, गंगा, गीता, गायत्री और गुरु की रक्षा व सम्मान का संकल्प लेने की बात कही।
कथा के दौरान हनुमान जी और सोने की लंका का प्रसंग सुनाते हुए शास्त्री ने अहंकार से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का आचरण गलत हो और उसमें अहंकार आ जाए, तो सोने की लंका भी नष्ट हो सकती है। इसलिए सनातनियों को अपने विचारों और आचरण को शुद्ध रखना चाहिए।
भागवत में केशव मौर्य और राजा भैया भी पहुंचे (Image Source: Dynamite News)
श्रीराम कथा के तीसरे दिन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कथा स्थल पर पहुंचने पर जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया' ने उनका स्वागत किया।
इस मौके पर पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह, पूर्व विधायक धीरज ओझा, बृजेश सौरभ, हिंदू चेतना के टी. राजा और टीवी पैनलिस्ट फैजुल रहमान समेत कई सांसद और विधायक मौजूद रहे। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी हिस्सा लिया।
मैनपुरी में रामगोपाल यादव का BJP पर हमला, बोले- पंचायत चुनाव कराने से डर रही योगी सरकार
कार्यक्रम के दौरान पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का संबोधन राष्ट्रवाद, सनातन धर्म के संगठन, सामाजिक एकजुटता और बागेश्वर सेवा मंडल के विस्तार पर केंद्रित रहा। उन्होंने अगले छह वर्षों में देश के हर जिले तक कथा पहुंचाने और सेवादारों का संगठन तैयार करने का संकल्प दोहराया।
Location : Pratapgarh
Published : 19 November 2026, 11:40 PM IST