हिंदी
सफाई कर्मचारियों का विरोध (Image Source: Dynamite News)
Saharanpur: उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ ने सहारनपुर नगर निगम प्रशासन पर मई 2026 में हुए समझौते का पालन नहीं करने का आरोप लगाया है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उसकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो 19 नवंबर 2026 से नगर निगम परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इस संबंध में संघ के मंडल महामंत्री ब्रजमोहन चहलिया ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है।
संघ की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि मई 2026 में नगर निगम प्रशासन और सफाई कर्मचारी संगठन के बीच एक समझौता हुआ था। इसमें तय किया गया था कि आउटसोर्सिंग के माध्यम से सफाई कार्य में सेवा निवृत्त कर्मचारियों के आश्रितों, विधवा महिलाओं और लंबे समय से विभिन्न वार्डों में सफाई का काम कर रहे पुराने कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
संघ का कहना है कि जिलाधिकारी के समक्ष हुई वार्ता में भी इन मांगों पर सहमति बनी थी। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन अब इस समझौते के अनुसार काम नहीं कर रहा है। संगठन ने आरोप लगाया है कि जिन लोगों को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी थी, उन्हें रोजगार देने के बजाय उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है।
उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ के मंडल महामंत्री ब्रजमोहन चहलिया ने नगर निगम की नई आउटसोर्सिंग कंपनी आरआर इंटरप्राइजेज को लेकर भी आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि कंपनी के माध्यम से पुराने कर्मचारियों को काम से हटाया जा रहा है और उनकी जगह कथित तौर पर पैसे लेकर नए लोगों को रखा जा रहा है।
संघ ने यह भी आरोप लगाया है कि जरूरतमंद विधवा महिलाओं को रोजगार नहीं दिया जा रहा है। संगठन का कहना है कि मई में हुए समझौते के तहत जिन कर्मचारियों और महिलाओं को काम में प्राथमिकता मिलनी थी, उन्हें इसका लाभ मिलना चाहिए। संघ ने प्रशासन से समझौते की शर्तों को लागू करने की मांग की है।
पुराने कर्मचारियों को हटाने का दावा (Image Source: Dynamite News)
ये भी पढ़े: सहारनपुर: रसोई की खिड़की काटी, अलमारी खंगाली और फ्रिज के ड्राई फ्रूट्स भी ले उड़े चोर
ज्ञापन के माध्यम से संघ ने मांग की है कि समझौते के अनुसार पुराने सफाई कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर काम पर रखा जाए। इसके साथ ही कर्मचारियों को शासनादेश के अनुसार वेतन देने की भी मांग उठाई गई है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि इन मांगों को पूरा नहीं किए जाने पर 19 नवंबर 2026 से समस्त सफाई कर्मचारी नगर निगम परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे।
संघ ने चेतावनी दी है कि धरना शुरू होने की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्रजमहोन चिनालिय, ब्रज मोहन सूद, चेतन चण्याणे, संजय भुम्बक, संदीप चौटाला, कमल किशोर, अमित चिलानिया, अब्इुल गफार, महेन्द्र वैद्य, मुकेश घावरी, राजकुमार, सुनील, ईश्वर सिंह, रतन कुमार, किरणपाल, अम्बर चंदेल, अमरीश, अमित, तौसीफ, हिंमाशु, शिवम, सचिन और संदीप आदि मौजूद रहे।
Location : Saharanpur
Published : 19 November 2026, 8:58 PM IST
Topics : municipal corporation Outsourcing Employees RR Enterprises Safai Karamchari Protest Saharanpur News