हिंदी
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मचा कोहराम
सुलतानपुर: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हलियापुर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 84 के पास चालक को झपकी आने से तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार 67 वर्षीय संध्या सिन्हा की मौत हो गई, जबकि चालक सुनील कुमार समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, कार सवार गाजियाबाद से बिहार के सीवान जा रहे थे। सभी लोग वहां एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। गुरुवार को उनका सफर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान हलियापुर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 84 के पास अचानक चालक सुनील कुमार को झपकी आ गई।
बताया जा रहा है कि चालक को नींद आने के कारण कार से नियंत्रण हट गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार का कहर
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों को उपचार के लिए अयोध्या के पिठला, कुमारगंज स्थित शौ सैया हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने 67 वर्षीय संध्या सिन्हा की जांच की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल चालक सुनील कुमार समेत तीन अन्य लोगों का उपचार जारी है।
जिस परिवार के लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे, उन्हें रास्ते में ही इस दर्दनाक हादसे का सामना करना पड़ा। संध्या सिन्हा की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शादी की खुशियों के बीच आई इस दुखद खबर ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया।
Location : Sultanpur
Published : 19 November 2026, 7:11 PM IST