हिंदी
सुलतानपुर में युवक की हत्या
Sultanpur: अखंडनगर थाना क्षेत्र के सेखौली गांव के पास सोमवार शाम करीब 6:30 बजे हमलावरों ने चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अनिल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान जौनपुर जिले के सरपतहा के बांधगांव निवासी दिलीप चौहान (30) के रूप में हुई।
घायल अनिल के मुताबिक, वह अपने दोस्त दिलीप के साथ पतजू पहाड़पुर गांव के पास खेत देखने और शौच के लिए गया था। इसी दौरान सैदपुर पुल के पास सैधैली गांव के नजदीक कुछ युवक मिले। उनमें से एक ने अपना नाम शिवम चौहान बताते हुए कहा कि वह अवनीश से मिलने आया है। इसी दौरान आरोपियों की दोनों से किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। आरोप है कि दोनों के वहां से जाने के दौरान युवकों ने उन्हें घेर लिया। पहले शराब की बोतल तोड़कर हमला किया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले के दौरान दोनों ने भागने की कोशिश की। चाकू लगने से दिलीप मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई, जबकि अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों के पहुंचने पर हमलावर फरार हो गए।
मामले की जानकारी देते सीओ कादीपुर विनय गौतम
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। घायल अनिल के बयान के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है। हमले के पीछे की वजह क्या थी और वारदात में कितने लोग शामिल थे, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दिलीप पुणे में निजी नौकरी करते थे। वह 13 नवंबर को पुणे से घर आए थे। 14 नवंबर को उनके छोटे भाई की वरीक्षा थी। घर में उनकी पत्नी अनीता और दो साल की बेटी रिधिका है। युवक की हत्या का पता चलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Location : Sultanpur
Published : 17 November 2026, 5:44 AM IST