हिंदी
नवजात की मौत से परिवार में कोहराम,
Budaun: जिला महिला अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में उपचार के दौरान एक नवजात बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उपचार के नाम पर सुविधा शुल्क की मांग की गई थी और रुपये नहीं देने पर नवजात के इलाज में लापरवाही बरती गई।
रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि करीब चार बजे हुए हंगामे से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद सदर कोतवाली की चीता पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने नाराज परिजनों को समझाकर किसी तरह स्थिति शांत कराई। हालांकि, पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कबूलपुरा निवासी साहे आलम की पत्नी रिहाना की बीते दिनों डिलीवरी हुई थी। उन्होंने एक नवजात बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के बाद से ही बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई थी। परिजनों ने बेहतर उपचार की उम्मीद में नवजात को जिला महिला अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती कराया था। यहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था। इसी दौरान उपचार के दौरान नवजात की मौत हो गई।
बच्चे की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना था कि उनसे सुविधा शुल्क की मांग की गई थी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर नवजात के उपचार में लापरवाही की गई, जिसके चलते बच्चे की जान चली गई। इसी बात को लेकर परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
हंगामे की सूचना पर सबसे पहले यूपी-112 पुलिस पहुंची। कुछ देर बाद सदर कोतवाली की चीता पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद उन्हें शांत कराया। इसके बावजूद परिजन अस्पताल प्रबंधन से मामले में जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
उधर, घटना को लेकर जिला महिला अस्पताल के जिम्मेदार अधिकारियों ने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। ऐसे में नवजात की मौत और परिजनों की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर अस्पताल प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल परिजनों ने मामले की जांच कराकर उपचार में लापरवाही और सुविधा शुल्क मांगने के आरोपों की सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
Location : Budaun
Published : 17 November 2026, 1:04 AM IST