हिंदी
लेखपाल संघ का स्थापना दिवस (Image Source: Dynamite News)
Saharanpur: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के आईएमए भवन में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ का स्थापना दिवस उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष राम मूरत यादव और जिला अध्यक्ष नीरज पुंडीर ने लेखपाल संवर्ग की समस्याओं और चुनौतियों को प्रमुखता से उठाया। लेखपालों ने छुट्टियों के दिन भी काम कराने, पर्याप्त संसाधन नहीं मिलने और काम के अनुरूप वेतन-भत्तों में बढ़ोतरी नहीं होने का मुद्दा उठाया। कार्यक्रम में मौजूद एडीएम प्रशासन मलवी त्रिपाठी ने समस्याएं सुनकर उनके समाधान पर विचार करने का आश्वासन दिया।
सहारनपुर जिले के आईएमए भवन में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में जनपद की सभी पांचों तहसीलों से लेखपाल शामिल हुए। इस मौके पर कार्यक्रम को सम्मान समारोह के रूप में भी मनाया गया। लेखपालों ने संघ के संस्थापक स्वर्गीय मुरारी लाल शर्मा को पुष्पांजलि अर्पित की और संगठन के प्रति उनके योगदान को याद किया।
जिला अध्यक्ष नीरज पुंडीर ने बताया कि 14 नवंबर 1962 को मुरारी लाल शर्मा ने उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की स्थापना की थी। उस समय लेखपाल शोषण का सामना कर रहे थे। ऐसे में संघ बनाने का उद्देश्य लेखपालों को शोषण से बचाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। उन्होंने बताया कि स्थापना के बाद से हर साल 14 नवंबर को पूरे प्रदेश के प्रत्येक जिले और तहसील में संघ का स्थापना दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में सहारनपुर में भी सभी लेखपाल एकत्रित होकर कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।
न संडे की छुट्टी, न सेकंड सैटरडे की राहत (Image Source: Dynamite News)
ये भी पढ़े: सहारनपुर में फार्मासिस्टों का प्रदर्शन, बोले- मांगें पूरी नहीं हुईं तो लखनऊ में होगा बड़ा आंदोलन
कार्यक्रम में पहुंचीं एडीएम प्रशासन मलवी त्रिपाठी के सामने जिला स्तर पर लेखपाल संवर्ग की समस्याएं रखी गईं। जिला अध्यक्ष नीरज पुंडीर और जिला मंत्री ने बताया कि लेखपालों के सामने सबसे बड़ी समस्या छुट्टियों के दिन भी काम कराने की है। लेखपालों का कहना है कि उनके लिए रविवार, सोमवार या महीने का दूसरा शनिवार जैसी छुट्टियों का कोई महत्व नहीं रह गया है। उनसे लगातार काम लिया जा रहा है।
लेखपालों ने यह भी कहा कि काम का दायरा लगातार बढ़ रहा है, लेकिन उसके अनुरूप जरूरी संसाधन, सुविधाएं, वेतन और मानदेय पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि काम के दबाव के कारण परिवार के साथ बिताने वाला समय भी प्रभावित हो रहा है। इन समस्याओं को एडीएम के सामने रखा गया। नीरज पुंडीर के मुताबिक, एडीएम प्रशासन ने समस्याएं सुनने के बाद उनके समाधान के लिए विचार करने का आश्वासन दिया।
नीरज पुंडीर ने कहा कि वर्तमान समय में लेखपाल का काम काफी चुनौतीपूर्ण हो गया है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में लेखपाल की अहम जिम्मेदारी होती है। छोटे स्तर से लेकर बड़े स्तर तक कई कार्यों की जिम्मेदारी उनके पास रहती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि गांव में किसी का कब्जा हटवाने जैसी कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्ति लेखपाल को अपना विरोधी मान सकता है। यह भी उनके काम से जुड़ी चुनौतियों में शामिल है।
उन्होंने बताया कि लेखपालों का काम अब काफी तकनीकी हो गया है और उन्हें लगातार ऑनलाइन काम करना पड़ता है। इसके बावजूद वेतन-भत्तों और पे-स्केल में काम के अनुरूप बढ़ोतरी नहीं हुई है। इन मुद्दों को लेकर सरकार से समय-समय पर बातचीत भी होती रहती है।
लेखपालों ने एडीएम के सामने रखी अपनी परेशानी (Image Source: Dynamite News)
ये भी पढ़े: सहारनपुर में ट्रेन से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तार
प्रदेश अध्यक्ष राम मूरत यादव ने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि इस अवसर पर लेखपालों की समस्याओं पर विचार करना और उनके समाधान के लिए चर्चा करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिले के सक्षम अधिकारी कार्यक्रम में पहुंचते हैं, लेखपालों की समस्याएं सुनते हैं और समाधान का आश्वासन देते हैं।
राम मूरत यादव ने लेखपालों को सरकार और जनता के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े काम, राजस्व संबंधी कार्य, सर्वे, चुनाव और आपदा सहित विभिन्न जिम्मेदारियों में लेखपाल सबसे आगे रहते हैं। इसलिए उनकी समस्याओं को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष राम मूरत यादव, जिला अध्यक्ष नीरज पुंडीर, जिला मंत्री चैन सिंह, खंड मंत्री अनुपम चौहान, अजय प्रताप, राकेश सोलंकी, विनय भारद्वाज, राजेश कश्यप, कन्हैयालाल, रिचा उपाध्याय, सचिन चौहान, रवि सैनी, मुस्तकीम, मुजम्मिल जमाल, रामशरण शर्मा और मोनू पांचाल सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।
Location : Saharanpur
Published : 14 November 2026, 8:57 PM IST