हिंदी
संगठित गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट (Image Source: Dynamite News)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में नई मंडी कोतवाली पुलिस ने गोहत्या के आरोपों से जुड़े एक संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शनिवार को गिरोह के 13 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह में कुल 18 सदस्य हैं और यह करीब 10 साल से जिले में गोकशी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। आरोप है कि गिरोह के सदस्य सरवट के घने जंगलों में गोकशी करने के बाद मदीना चौक, बझेड़ी और आसपास के इलाकों में गोमांस बेचते थे। पुलिस ने गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही, कथित तौर पर गोकशी से अर्जित संपत्तियों की पहचान भी की जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सीमा और बेबी उर्फ शबाना नाम की दो महिलाओं के साथ सलमान, पल्लू, कल्लू, वसीम, दानिश, शाहिद, आलम, सोनू उर्फ कलीम, नदीम, मुन्ना और गुलबहार को शामिल बताया है। इस तरह गिरफ्तार किए गए 13 लोगों में 11 पुरुष और दो महिलाएं हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह में कुल 18 सदस्य हैं। बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री की संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एसएसपी मुजफ्फरनगर के निर्देश पर नई मंडी पुलिस ने यह कार्रवाई की है। गिरोह के खिलाफ मुकदमा संख्या 530/26 गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्यों के खिलाफ पहले भी गोकशी से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं।
गोहत्या के आरोप में 13 गिरफ्तार (Image Source: Dynamite News)
ये भी पढ़े: मुजफ्फरनगर में फार्मासिस्टों का बड़ा ऐलान, 18 मांगों पर नहीं हुई सुनवाई तो तेज होगा आंदोलन
एसपी सिटी अमृत जैन के मुताबिक, गिरोह के सदस्य पहले सरवट के घने जंगलों में गोकशी की कई घटनाओं को अंजाम देते थे। इसके बाद गोमांस को मदीना चौक, बझेड़ी और आसपास के इलाकों में बेचा जाता था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2016, 2017 और 2018 के मुकदमे भी दर्ज हैं। इसके अलावा पिछले एक साल में भी कई घटनाओं में उनकी संलिप्तता सामने आई है।
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों के पुराने मामलों में से करीब पांच से छह समान प्रकृति के मुकदमों को आधार बनाकर गिरोह का पंजीकरण कराया गया। इसके बाद गैंग चार्ट का अनुमोदन कराया गया और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, पहले दर्ज एफआईआर की विवेचना में भी गिरफ्तार महिलाओं की भूमिका से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। इसी आधार पर उन्हें भी गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में शामिल किया गया।
ये भी पढ़े: मेरठ में 15 नवंबर को जुटेगा जाट समुदाय, मुजफ्फरनगर से पांच अतिरिक्त बसों समेत होगा बड़ा इंतजाम
अब संपत्तियों की जांच में जुटी पुलिस (Image Source: Dynamite News)
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि गिरोह की महिला सदस्यों की भूमिका अलग-अलग रही है। पुलिस के अनुसार, कभी वे गाय को ले जाने और बांधने का काम करती थीं, तो कभी आसपास के इलाके में पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखती थीं। इसके अलावा महिलाओं पर घर-घर जाकर गोमांस बेचने का भी आरोप है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के साथ-साथ गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है। इसके अलावा गिरोह के सदस्यों की उन संपत्तियों की पहचान की जा रही है, जिन्हें पुलिस के मुताबिक गोकशी से अर्जित किया गया है। एसपी सिटी ने कहा कि ऐसी संपत्तियों के खिलाफ भी आने वाले समय में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि संगठित गिरोहों के जरिए गोकशी की घटनाओं को रोकने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 14 November 2026, 8:29 PM IST