हिंदी
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में ऑपरेशन चक्रवात के तहत पुलिस ने चोरी की वारदातों में शामिल बदमाशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नई मंडी पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे बदमाश को पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दरअसल, बीती 25 अक्टूबर को नई मंडी थाना क्षेत्र के जाट मुझेड़ा में स्थित एक कैफे में चोरी की वारदात हुई थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए लगातार सुराग जुटा रही थी।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि कैफे में चोरी करने वाले बदमाश हरिद्वार की तरफ से आ रहे हैं और मेरठ की ओर जाकर किसी अन्य आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नई मंडी पुलिस ने रथेड़ी कट पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया।
भागते हुए बदमाश आइशर वर्कशॉप के पीछे स्थित एक खाली प्लॉट की तरफ पहुंच गए। यहां एक बार फिर पुलिस और बदमाशों के बीच गोलीबारी हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे घायल होकर गिर पड़े।
वहीं, तीसरा आरोपी मौके से निकलकर पास के गन्ने के खेत की तरफ भाग गया। इसके बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया और उसे भी गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेरठ निवासी रिजवान उर्फ इमरान और हाशिम तथा शामली के कैराना क्षेत्र निवासी इरशाद के रूप में हुई है। पुलिस ने रिजवान को गिरोह का मुख्य सरगना बताया है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी और पशु चोरी से संबंधित 12 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, अन्य आरोपियों के खिलाफ भी एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस का दावा है कि रिजवान हाथरस और हापुड़ में वर्ष 2025 और 2026 में हुई पशु चोरी की घटनाओं में भी वांछित चल रहा था। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और चोरी की वारदातों में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जाट मुझेड़ा स्थित कैफे में हुई चोरी की वारदात को स्वीकार किया है। पुलिस अब दूसरे जनपदों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी उनसे पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ऑपरेशन चक्रवात के तहत चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल संदिग्धों का सत्यापन किया जा रहा है। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए जिले में चेकिंग अभियान और बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Location : Muzzafarnagar
Published : 10 November 2026, 5:09 PM IST